रेलमंत्री पियुष गोयल के नाम पर दोस्त को लगाया चूना, आरोपी गिरफ्तार

रेलमंत्री पियुष गोयल के नाम पर दोस्त को लगाया चूना, आरोपी गिरफ्तार

Tejinder Singh
Update: 2019-03-17 13:55 GMT
रेलमंत्री पियुष गोयल के नाम पर दोस्त को लगाया चूना, आरोपी गिरफ्तार

डिजिटल डेस्क, मुंबई। खुद को रेलमंत्री पियुष गोयल का करीबी बताकर अपने ही दोस्त को डेढ़ लाख रुपए का चूना लगाने वाले आरोपी को माटुंगा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी ने रेलवे का ठेका दिलाने का झांसा देकर शिकायतकर्ता से रुपए ऐंठ लिए। लेकिन बाद में शिकायतकर्ता ने जानकारी जुटाई तो पता चला कि आरोपी के दावे झूठे हैं। गिरफ्तार आरोपी का नाम ज्योतिकुमार अगरवाल है। अगरवाल की माटुंगा में रहने वाले पर्यावरण सलाहकार मनीष पटेल (54) से जान पहचान थी। 2018 सितंबर में अगरवाल ने पटेल को बताया कि उसकी रेलमंत्री पियुष गोयल से जान पहचान है और वह सतत नाम की योजना के तहत उसे 50 से 75 करोड़ रुपए का ठेका दिला सकता है जिसमें मोटी कमाई होगी।

इसके बाद अगरवाल ने सितंबर 2018 से जनवरी 2019 तक पटेल से यह कहते हुए धीरे धीरे डेढ़ लाख रुपए ऐंठ लिए की गोयल को दीपावली के दौरान अपने करीबियों को तोहफे देने हैं। पटेल का भरोसा जीतने के लिए अगरवाल ने पियुष गोयल के नाम पर एक फर्जी ईमेल अकाउंट भी बनाया था जिससे उसने खुद को संदेश भेजा था। इस ईमेल में एनईएफटी के जरिए ह्वाट्सएप से 1 लाख 75 हजार रुपए भेजे जाने की बात लिखी गई थी। फर्जी ईमेल से अगरवाल ने खुद को संदेश भेजा और फिर उसे पटेल को फारवर्ड कर यह जताने की कोशिश की कि उसे पियुष गोयल ने ही यह संदेश भेजा है। लेकिन अगरवाल की हरकतों पर पटेल को शक हो गया कि ईमेल फर्जी है।

इसके बाद उन्होंने अपने संपर्कों के जरिए पियुष गोयल के ऑफिस से जानकारी हासिल की जिससे साफ हुआ कि अगरवाल उन्हें झांसा दे रहा है। पटेल की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आईपीसी की धारा 420 के तहत एफआईआर दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। 

Similar News