3 दिन से नहीं आ रही कचरा गाड़ी घरों में लग गया कचरे का अंबार

कर्मचारियों की कमी के कारण कचरा कलेक्शन व्यवस्था ठप 3 दिन से नहीं आ रही कचरा गाड़ी घरों में लग गया कचरे का अंबार

Safal Upadhyay
Update: 2023-03-11 10:16 GMT
3 दिन से नहीं आ रही कचरा गाड़ी घरों में लग गया कचरे का अंबार

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। शहर के कई क्षेत्रों में तीन दिन से कचरा कलेक्शन गाड़ियाँ नहीं पहुँच रही हैं। इसके कारण लोगों के घरों में कचरे का अंबार लग गया है। लोग लगातार नगर निगम के अधिकारियों को फोन कर रहे हैं, लेकिन अधिकारी होली के कारण कर्मचारियों की कमी बताकर पल्ला झाड़ रहे हैं। 

प्राप्त जानकारी के अनुसार शहर के विजय नगर, कंचन विहार, अधारताल, करमेता, गढ़ा, गुलौआ, संजीवनी नगर, कृष्णा कॉलोनी, जयप्रकाश नगर, रामनगर, रामपुर और रांझी क्षेत्र में पिछले तीन से कचरा गाड़ी नहीं पहुँच रही हैं। लोगों का कहना है कि होली के त्योहार पर कचरा ज्यादा निकलता है। लोगों ने धुरेड़ी और उसके दूसरे दिन का कचरा एकत्रित करके रख लिया। 

शुक्रवार को तीसरे दिन भी कचरा गाड़ी नहीं पहुँची। इससे लोगों के घरों में कचरे का अंबार लग गया है। घरों में अब कचरा रखने की जगह नहीं बची है। कई क्षेत्रों में लोगों को कचरा बाहर फेंकने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। 

350 की जगह चल रहीं 250 गाड़ियाँ 

जानकारों का कहना है कि शहर में इस समय 350 की जगह 250 कचरा गाड़ियाँ ही चल रही हैं। इसके कारण शहर के ज्यादातर हिस्सों में कचरा गाड़ी नहीं पहुँच पा रही है। 100 से अधिक कचरा गाड़ियाँ खड़ी होने के कारण शहर में कचरा कलेक्शन व्यवस्था पूरी तरह ठप हो गई है।

कचरा कलेक्शन का ठेका होगा निरस्त, घर-घर से कचरा एकत्र करेगा निगम

नगर निगम की साधारण सभा की बैठक में पेश किया जाएगा प्रस्ताव

नगर निगम की साधारण सभा की बैठक 16 मार्च को सुबह 11 बजे से पंडित भवानी प्रसाद तिवारी सभा कक्ष में आयोजित की जाएगी। निगमाध्यक्ष रिकुंज विज ने बताया कि साधारण सभा की बैठक में डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन एवं परिवहन का ठेका निरस्त करने, कचरा कलेक्शन का काम नगर निगम द्वारा अपने अधिपत्य में लिए जाने सहित 24 अन्य प्रस्ताव प्रस्तुत किए जाएँगे। साधारण सभा की बैठक की सूचना सभी पार्षदों को भेज दी गई है। निगमाध्यक्ष श्री विज ने बताया कि साधारण सभा की बैठक में उखरी रोड के चौड़ीकरण के लिए जमीन अधिग्रहण के बदले मुआवजा राशि का भुगतान, ग्वारीघाट का नाम गौरीघाट करने, गांधी स्मारक तिलवारा में प्रदेश का सबसे ऊँचा 75 मीटर का राष्ट्रीय ध्वज लगाने के प्रस्तावों पर चर्चा की जाएगी। इसके अलावा संविदा सफाई संरक्षकों को नियमित पदों पर नियुक्त करने, पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी, पूर्व महापौर स्व. विश्वनाथ दुबे और स्व. सुभाषचंद्र बैनर्जी की प्रतिमा लगाने सहित अन्य प्रस्तावों पर चर्चा होगी।

होली के कारण बड़ी संख्या में कचरा गाड़ी के ड्राइवर और हेल्पर काम पर नहीं आ रहे हैं। इसके कारण परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शनिवार से कचरा कलेक्शन की व्यवस्था दुरुस्त कर ली जाएगी। 
भूपेन्द्र सिंह, स्वास्थ्य अधिकारी, नगर निगम 

Tags:    

Similar News