पड़ताल : इंकम टैक्स की इन्वेस्टिगेशन विंग ६ दिन से सतना

सतना पड़ताल : इंकम टैक्स की इन्वेस्टिगेशन विंग ६ दिन से सतना

Ankita Rai
Update: 2022-03-09 11:52 GMT
पड़ताल : इंकम टैक्स की इन्वेस्टिगेशन विंग ६ दिन से सतना

डिजिटल डेस्क, सतना। जिला मुख्यालय समेत जिले में लंबे अर्से से पक रही करोड़ों की बेनामी संपत्तियों के बड़े पर्दाफाश के आसार बढ़ गए हैं। जानकारों के मुताबिक भोपाल से यहां पहुंची इंकम टैक्स की  इन्वेस्टिगेशन विंग ६ दिन से पड़ताल में जुटी है। लगभग १५ सदस्यीय जांच टीम का नेतृत्व डिप्टी कमिश्नर रैंक के आफीसर कर रहे हैं। इन्हीं सूत्रों ने बताया कि अब तक की जांच में जिला भाजपा का नेता, एक वर्तमान और एक सेवानिवृत्त पटवारी , पेट्रोल पंप संचालक और एक पेवर्स व्यवसायी समेत ८० जमीन कारोबारी जांच के दायरे में हैं।   
छींदा में ३ दिन चली ५ मामलों की पड़ताल:-- 
जानकारों ने बताया कि बेनामी संपत्ति के मामले में इंकम टैक्स की इन्वेस्टिगेशन विंग ३ मार्च को यहां पहुंची थी। आते ही  टीम ने छींदा गांव के पास खम्हरिया खुर्द स्थित सरकारी स्कूल के भवन में डेरा डाला।  तकरीबन ३ दिन तक चली पड़ताल के दौरान छींदा गांव की ५ बेनामी अचल संपत्तियों से संबंधित दस्तावेजों की बारीकी से पड़ताल की गई। के्रताओं और विके्रताओं के बयान कलमबंद किए गए। बताया गया है कि एक जांच टीम ने सितपुरा जाकर भी पड़ताल की। माना यह भी जा रहा है कि बेनामी संपत्तियों के ७५ से ८० मामलों में संदेहियों को समन दिए गए हैं। इनमें से ३० से भी ज्यादा शिकायतों पर दस्तावेज तलब करते हुए स्टेटमेंट भी लिए गए हैं। मामला आय से ज्यादा करोड़ों रुपए मूल्य की बेनामी संपत्तियां अर्जित करने की गंभीर किस्म की शिकायतों पर आधारित है। 
आधा सैकड़ा स्पॉट निशाने पर :--
जानकारों के मुताबिक अचल संपत्तियों से संबंधित लगभग आधा सैकड़ा स्पॉट जांच के निशाने में हैं। इनमें शॉपिंग काम्पलेक्स, प्लाट और प्लांट भी हैं। तमाम कोशिशों के बाद भी बेनामी अचल संपत्तियों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है मगर भरोसेमंद सूत्रों के मुताबिक मंगलवार को  सिविल लाइंस स्थित आयकर भवन के टीम के कैंप में देर रात तक पड़ताल चली। जल्दी ही करोड़ों की बेनामी संपत्तियों के बड़े पदार्फाश की उम्मीद है?

Tags: