बीमार महिला को भी नहीं छोड़ा जालसाजों ने, करामात दिखाते हुए जेवर उतरवाए

बीमार महिला को भी नहीं छोड़ा जालसाजों ने, करामात दिखाते हुए जेवर उतरवाए

Bhaskar Hindi
Update: 2019-08-08 07:42 GMT
बीमार महिला को भी नहीं छोड़ा जालसाजों ने, करामात दिखाते हुए जेवर उतरवाए

डिजिटल डेस्क, जबलपुर। गढ़ा थाना क्षेत्र स्थित मेडिकल कॉलेज पहुंची एक बीमार महिला को झांसा देकर जालसाजों ने उसके जेवर उतरवाए और करामात दिखाते हुए फरार हो गये। बीमार महिला के साथ अस्पताल में हुई इस घटना को लेकर हड़कम्प मचने पर जालसाजों की तलाश शुरू की गयी, लेकिन उनका सुराग नहीं लग सका। इस घटना की रिपोर्ट पीड़ित महिला द्वारा थाने में दर्ज कराए जाने पर पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। 

सूत्रों के अनुसार शिल्पी नगर भेड़ाघाट निवासी द्रोपती बाई बर्मन उम्र 49 वर्ष ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह सुबह 11 बजे के करीब अपने लड़के के साथ बाइक से इलाज कराने के लिए मेडिकल आई थी। उसका बेटा उसे अस्पताल छोड़कर काम पर चला गया। बेटे के जाने के बाद महिला शुगर की दवा लेने मेडिकल कॉलेज के अंदर पहुंची थी। वहां पर कैजुअल्टी कक्ष के बाहर 2 लड़के मिले, जिन्हें वह नहीं जानती, दोनों ने कहा आपने बहुत जेवर पहने हैं, यहां चोरी हो जाती है। आप जेवर उतार कर रख लो। फिर कहा इन जेवरों को उतारकर दे दो, हम लोग जेवर को रुमाल में बांधकर आपको वापस कर देंगे। उनके झांसे में आकर महिला ने सोने की कान की झुमकी, मंगलसूत्र उतारकर उन्हें दे दिया।  उसके बाद दोनों लड़को ने उसके जेवरों को अपने पास रखा फिर रुमाल बांधकर उसे थमाया और गायब हो गये। जालसाज महिला से करीब  30 हजार रुपये कीमत के जेवर धोखाधड़ी कर ले गये। रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 420 का मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया। 

रूमाल में निकले पत्थर 

अस्पताल से बाहर निकलने के बाद महिला ने रुमाल खोलकर देखा तो उसमें जेवर की जगह पत्थर थे। रुमाल में जेवर की जगह पत्थर निकलने पर महिला ने वहां मौजूद लोगों को बताया और जालसाजों की तलाश की, लेकिन उनका सुराग नहीं लग सका। 

सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही पुलिस 

मेडिकल अस्पताल में कैजुअल्टी कक्ष के बाहर हुई इस घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने जांच करते हुए जालसाजों का पता लगाने अस्पताल के सीसीटीवी की फुटेज देखी। वहीं उस वक्त वहाँ मौजूद स्टाफ व मरीजों से पूछताछ कर हुलिया के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है।  
 

Tags:    

Similar News