उपराजधानी में 42 पक्के मकानों पर चला मनपा का बुलडोजर

उपराजधानी में 42 पक्के मकानों पर चला मनपा का बुलडोजर

Tejinder Singh
Update: 2017-12-07 11:21 GMT
उपराजधानी में 42 पक्के मकानों पर चला मनपा का बुलडोजर

डिजिटल डेस्क, नागपुर। वाठोड़ा में बुधवार को अतिक्रमण पर बड़ी कार्रवाई हुई। मनपा ने 42 पक्के मकानों पर बुलडोजर चलाया। ये मकान पिछले डेढ़ महीने में बने हैं। नोटिस देने के बावजूद आनन-फानन में ये मकान बनाए गए थे। इसकी जानकारी मिलते ही मनपा ने बुधवार को अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। इस दौरान मनपा तोड़ूदस्ते को जोरदार विरोध का सामना भी करना पड़ा। हालांकि इसकी पूर्व कल्पना होने से मनपा अतिरिक्त पुलिस बंदोबस्त मांग रहा था। हंगामा करने वालों पर सख्ती बरतते हुए 11 लोगों को हिरासत में लिया गया। 14 लोगों के खिलाफ मामले दर्ज किए गए हैं। 

बनाया जाएगा अंतरराष्ट्रीय खेल संकुल
स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (साई), वाठोड़ा में अंतरराष्ट्रीय खेल संकुल बनाने जा रहा है। इसके लिए मनपा ने वाठोड़ा की 140 एकड़ भूमि साई को हस्तांतरित की है। जगह खाली करने के लिए मनपा ने 27 अक्टूबर 2017 को इन इलाकोंं में नोटिस बांटे थे, जिसका जोरदार तरीके से विरोध हुआ। कांग्रेस सहित भाजपा ने भी मुखर होकर मनपा की कार्रवाई का विरोध किया। मामला केंद्र सरकार तक पहुंचा। केंद्रीय मंत्री नितीन गडकरी ने इनका पुनर्वसन करने का आश्वासन दिया है। फिलहाल इन्हें हटाने पर अस्थायी रोक लगी हुई है। जब तक नया आदेश नहीं मिलता, तब तक कोई कार्रवाई नहीं होगी, लेकिन 27 अक्टूबर 2017 को मनपा ने इस बस्ती में नोटिस जारी किए थे। इस नोटिस के बावजूद बस्ती में 42 नए पक्के मकान बन गए।

स्थानीय बिल्डरों ने उकसाया
खबर है कि स्थानीय बिल्डरों ने भूखंडधारकों को इसके लिए उकसाया है। भूखंडधारकों को यह कहा गया कि नये मकान बन जाते हैं, तो मनपा उसे हटाएगी नहीं, जिसके बाद पिछले डेढ़ महीने में ही लोगों ने यहां 42 पक्के मकान बना डाले। इसकी भनक लगते ही मनपा ने 27 अक्टूबर 2017 के बाद बने मकानों को तोड़ने की कार्रवाई शुरू कर दी। इससे पहले असामाजिक तत्वों की पहचान की गई, जो मनपा की कार्रवाई का विरोध कर रहे थे। ऐसे 14 लोगों के खिलाफ सरकारी काम में बाधा निर्माण करने के मामले में एक सप्ताह पहले ही एफआईआर दाखिल की गई। इस एक्शन के बाद मनपा अतिक्रमण निर्मूलन दस्ता, सहायक आयुक्त अशोक पाटील के मार्गदर्शन में वाठोड़ा में कार्रवाई करने पहुंचा।

हिरासत में लेते ही विरोध शांत
सुबह करीब 11 बजे भारी पुलिस बंदोबस्त के साथ दस्ते ने जैसे ही कार्रवाई शुरू की, स्थानीय लोगों ने जोरदार हंगामा मचाया। तोड़ूदस्ते ने पहले शांति से निपटने की कोशिश की, लेकिन नहीं मानने पर 11 लोगों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। इसके बाद अपने-आप विरोध-प्रदर्शन शांत हो गया। मनपा ने एक-एक कर 42 पक्के मकानों को बुलडोजर से तोड़ना शुरू किया। शाम करीब 5 बजे तक कार्रवाई जारी रही। उक्त कार्रवाई में प्रवर्तन अधीक्षक यादव जांभुलकर, प्रवर्तन निरीक्षक संजय कांबले, दस्ता प्रमुख मंजूर शाह, नितीन मंथनवार, प्रकाश पाटील, मोहरिर, संजय शिंगणे, जमशेद अली शामिल थे। कार्रवाई के दौरान नेहरू नगर जोन के सहायक आयुक्त राजेश कराडे, उपअभियंता, कनिष्ठ अभियंता उपस्थित थे।

वाठोड़ा के पीड़ितों का होगा स्थानांतरण 
फिलहाल वाठोड़ा में जिन्हें 27 अक्टूबर 2017 को नोटिस जारी किया गया था, उन पर सस्पेंस बना हुआ है। केंद्रीय मंत्री नितीन गडकरी के निर्देशों के बाद मनपा प्रशासन ने कार्रवाई रोक दी है। इन पीड़ितों को अन्य घरकुल योजनाओं में स्थानांतरण कर पुनर्वसन करने की जानकारी है। हालांकि यह अभी तक स्पष्ट नहीं किया गया कि इनका पुनर्वसन किस तरीके से किया जाएगा। 

Similar News