आनलाइन कर्जमाफी : जिसने लिया ही नहीं, उसके नाम भी चढ़ा दिया कर्ज

आनलाइन कर्जमाफी : जिसने लिया ही नहीं, उसके नाम भी चढ़ा दिया कर्ज

Bhaskar Hindi
Update: 2017-09-23 14:30 GMT
आनलाइन कर्जमाफी : जिसने लिया ही नहीं, उसके नाम भी चढ़ा दिया कर्ज

डिजिटल डेस्क, गोंदिया। सरकार किसान और आम जनता के हित के लिए योजनाएं तो बनाती है लेकिन इसे फालो करने की जिम्मेदारी सही हाथों में नहीं दे पाती जिस वजह से योजनाओं में ढेर गड़बड़ी सामने आती रहती है। ऐसा ही एक वाकया गोंदिया में सामने आया। किसानों की कर्जमाफी के आनलाइन आवेदन में बोगस किसानों के नाम देखकर किसान भौचक्के हैं।

राज्य सरकार ने किसान कर्जमाफी घोषणा के पश्चात कर्जमाफी योजना का लाभ लेने के लिए लाभार्थी किसानों को आनलाईन आवेदन भरने के निर्देश दिए थे। जिसके तहत लाभार्थी किसानों ने आनलाईन आवेदन करने शुरू किए। इस दौरान गोंदिया तहसील के ग्राम बिरसी ऐसा मामला प्रकाश में आया जिससे गांव के किसान ही हैरान रह गए। 

मामला गोंदिया तहसील के बिरसी विविध सेवा सहकारी संस्था में सामने आने से अधिकारियों में खलबली मच गई है। इसकी जानकारी पीडि़त किसानों ने पत्र- परिषद में दी है और मांग की है कि दोषियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करते हुए दोषियों के खिलाफ मामला दर्ज किया जाए। इस संदर्भ में बिरसी विविध सेवा सहकारी संस्था के सदस्य बिरसी ग्राम पंचायत के सरपंच रविंद्र तावडे, शिशुपाल सिंह नैकाने, ढिम्मरसिंह बनाफर सहित 100 से अधिक  पीड़ित किसानों ने बताया कि विविध कार्यकारी सेवा सहकारी सोसायटी बिरसी के माध्यम से किसानों ने कर्ज लिया था। जिन किसानों ने 5 हजार, 10 हजार, कर्ज लिया है उनके नाम से अधिक कर्ज की राशि वितरित किए जाने की बात सामने आई है।

अनेक किसानों ने कर्ज नहीं लिया लेकिन उनके नाम से कर्ज लेने का उल्लेख किया गया है। यह तब पता चला जब शासन ने कर्जमुक्ति का लाभ लेने के लिए आनलाईन आवेदन प्रस्तुत करने का निर्देश दिया था। इस संदर्भ में सेवा सहकारी संस्था के पदाधिकारियों से जानकारी मांगी तो वे जानकारी देने में असमर्थ रहे। कर्जदार किसानों ने कर्ज की राशि चुकता की है उनके नाम पर भी कर्ज दिखाया गया है। 6 सितंबर को इस मामले की शिकायत जिला उपनिबंधक अधिकारी से की गई, विभाग की ओर से किसी भी प्रकार की जांच नहीं की है। इस संस्था के माध्यम से लगभग 50 लाख रुपए से अधिक का बोगस कर्ज लेकर भ्रष्टाचार किया गया है।  शिकायत की प्रति पालकमंत्री राजकुमार बडोले, सांसद नाना पटोले, विधायक अग्रवाल, फुके, जिलाधिकारी, जिला उपनिबंधक अधिकारी एवं रावनवाडी पुलिस थाने में की गई है।                        

Similar News