हमारे बुजुर्ग साथ रहे हैं, हमें भी मिलकर रहना है- मौलाना

शहर में कौमी एकता के माहौल को हमेशा कायम रखा गया हमारे बुजुर्ग साथ रहे हैं, हमें भी मिलकर रहना है- मौलाना

Abhishek soni
Update: 2023-04-22 17:52 GMT

डिजिटल डेस्क जबलपुर। मुस्लिम धर्मावलंबियों के प्रमुख त्योहार ईद के मौके पर रानीताल ईदगाह में मुफ्ती-ए-आजम मध्य प्रदेश हजरत मौलाना मोहम्मद हामिद अहमद सिद्दीकी ने तमाम शहर के मुसलमानों को ईद की मुबारकबाद दी। मौलाना साहब ने तमाम रोजेदारों को संबोधित करते हुए कहा कि शहर में कौमी एकता के माहौल को हमेशा कायम रखा गया है, आज भी रख रहे हैं और उम्मीद है आगे भी रखेंगे।
नायबे मुफ्ती-ए-आजम मध्य प्रदेश ने अपनी तकरीर में कहा कि कुछ ताकतें लगी हुई हैं इसलिए ऐसी किसी भी बात पर ध्यान न दीजिए जिससे नफरत फैले। हम हमेशा साथ रहे हैं और आगे भी साथ रहेंगे। मौलाना साहब ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का शुक्रिया अदा करते हुए कहा कि जिस तरह से मध्य प्रदेश में अमन बना हुआ है, आने वाले समय में भी बना रहेगा।
सजदे में झुके सिर-
तकरीर के उपरांत शहजादा ए नायबे मुफ्ती-ए-आजम हजरत सूफी जियाउल हक कादरी बुर्हानी ने प्रात: 10:35 बजे ईद-उल-फित्र की नमाज अदा कराई। लगभग 50 हजार मुस्लिमों ने एक साथ ईदगाह रानीताल में नमाज अदा की। ईदगाह में अल्लाहो अकबर की गूँज पर हजारों सिर एक साथ सजदे में झुक गए। नमाजोपरांत ईद-उल-फित्र का खुत्बा पढ़ा गया। अंत में मौलाना साहब ने अमन शांति व खुशहाली की दुआएँ कीं।
मोमिन ईदगाह गोहलपुर-
मोमिन ईदगाह गोहलपुर में प्रात: 8 बजे हजारों की तादाद में मुसलमानों ने ईद-उल-फित्र की नमाज अदा की। हाफिज मोहम्मद ताहिर साहब ने ईद की नमाज अदा कराई।
ईदगाह सदर बाजार-
सदर बाजार ईदगाह में प्रात: 9 बजे ईद-उल-फित्र की नमाज अदा की गई। हजरत मौलाना सैय्यद बरकात अहमद कौसर रब्बानी ने ईद की नमाज अदा कराई।
 

Tags:    

Similar News