धान की आवक बढ़ी, मार्केटिंग फेडरेशन के गोदाम हाउसफुल, खरीदी रोकने की नौबत

धान की आवक बढ़ी, मार्केटिंग फेडरेशन के गोदाम हाउसफुल, खरीदी रोकने की नौबत

Anita Peddulwar
Update: 2019-12-19 10:08 GMT
धान की आवक बढ़ी, मार्केटिंग फेडरेशन के गोदाम हाउसफुल, खरीदी रोकने की नौबत

डिजिटल डेस्क, गोंदिया । जिला मार्केटिंग फेडरेशन के 66  धान खरीदी केंद्रों पर धान की आवक बड़े पैमाने पर बढ़ गई है। गोदाम हाउसफुल होने से वैकल्पिक गोदाम ढूंढने में संबंधित विभाग को मशक्कत करनी पड़ रही है। वैसे तो धान खरीदी के साथ-साथ मिलिंग के लिए धान उठाना आवश्यक है। लेकिन अब तक धान उठाना शुरू नहीं हुआ है। स्थिति ऐसी ही रही तो गोदामों के अभाव में धान खरीदी रोकने की नौबत विभाग पर आ सकती है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार जिला मार्केटिंग फेडरेशन के केंद्रों पर अब तक गोंदिया तहसील में 5 हजार 748 किसानों ने 1 लाख 65 हजार 350.41 क्विंटल धान की बिक्री की है। गोरेगांव तहसील में 3 हजार 620  किसानों द्वारा 1 लाख 15 हजार 
119.84 क्विंटल, तिरोड़ा तहसील में 4 हजार 123  किसानों द्वारा 1 लाख 10 हजार 567.57 क्विंटल, आमगांव तहसील में 1 हजार 890 किसानों द्वारा 57  हजार 489.45  क्विंटल, सालेकसा तहसील में 465  किसानों द्वारा 21  हजार 630 .60 क्विंटल, देवरी तहसील में 58 किसानों द्वारा 1 हजार  347.20, सड़क अर्जुनी तहसील में 2 हजार 547  किसानों द्वारा 81 हजार 415 .10 क्विंटल एवं अर्जुनी मोरगांव तहसील में 4 हजार 487 किसानों द्वारा 1लाख 17 हजार  148.60 क्विंटल इस प्रकार कुल 22 हजार 928 किसानों द्वारा 6 लाख 70  हजार  68.76  क्विंटल धान की बिक्री की गई है।

उल्लेखनीय है कि कई जगह पर धान के गोदाम फुल हो जाने से अन्य जगह पर वैकल्पिक गोदाम ढूंढे जा रहे हैं। यदि धान खरीदी के साथ-साथ मिलिंग प्रक्रिया शुरू हुई तो समस्या टल सकती है। नहीं तो गोदामों के अभाव में धान खरीदी रोकने की नौबत विभाग पर आ सकती है। बताया गया है कि गोदामों का अभाव होने पर खुले में धान खरीदी करने की अनुमति नहीं है। जिससे धान खरीदी के पूर्व ही गोदाम की व्यवस्था करनी पड़ती है। धान की चुराई अंतिम चरण में होने से एक दम से आवक बढ़ गई है। गोदाम नहीं तो, धान खरीदी नहीं इस तरह की समस्या आने की आशंका दिखाई दे रही है। 

जल्द उठाया जाएगा धान 
धान उठाने के लिए लगने वाली औपचारिक प्रक्रिया लगभग पूर्ण हो गई है। जल्द ही गोदामों से धान उठाया जाएगा। जहां गोदाम फुल हो रहे है, वहां अन्य गोदामों की व्यवस्था की जा रही है।  - जी.टी. खर्चे, जिला पनन अधिकारी, गोंदिया

Tags:    

Similar News