यूपी में अपहरण के केस: प्रियंका का CM योगी को पत्र- कानून व्यवस्था ठीक करें, जनता परेशान है

यूपी में अपहरण के केस: प्रियंका का CM योगी को पत्र- कानून व्यवस्था ठीक करें, जनता परेशान है

Bhaskar Hindi
Update: 2020-07-28 07:06 GMT
यूपी में अपहरण के केस: प्रियंका का CM योगी को पत्र- कानून व्यवस्था ठीक करें, जनता परेशान है
हाईलाइट
  • उत्तर प्रदेश में अपहरण और हत्या के मामले बढ़े
  • कहा- प्रदेश में कानून-व्यवस्था बिगड़ती जा रही है
  • प्रियंका ने सीएम योगी आदित्यनाथ को लिखा पत्रा

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। उत्तर प्रदेश में इन दिनों अपहरण और हत्या जैसे अपराध की घटनाएं बढ़ गई हैं। इन्हीं मामलों को लेकर कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखा है। प्रियंका ने अपने पत्र में अपहरण की घटनाओं का जिक्र करते हुए सीएम से अपील की है कि, प्रदेश की कानून व्यवस्था ठीक करें, जनता परेशान है।

मुख्यमंत्री के नाम इस पत्र में प्रियंका गांधी ने लिखा, कानपुर, गोंडा, गोरखपुर की घटनाएं आपके संज्ञान में होंगी। मैं गाजियाबाद के एक परिवार की पीड़ा की तरफ आपका ध्यान खींचना चाहती हूं। मेरी इस परिवार से बात हुई है। गाजियाबाद के व्यवसायी विक्रम त्यागी लगभग एक महीने से गुमशुदा हैं।

परिवार की आशंका है कि, उनका अपहरण हो गया है। बार-बार आग्रह के बाद भी पुलिस-प्रशासन की तरफ से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। दो दिन पहले हमारी पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल उनके परिजनों से भी मिला था। वे बहुत ही चिंतित और परेशान हैं। कृपया उनकी मदद करें और पुलिस अधिकारियों को सख्ती से निर्देशित करें कि पूरी तरह से उनकी सहायता की जाए।

महासचिव ने पत्र में कहा, उत्तर प्रदेश में अपहरण की घटनाएं तेजी से बढ़ रही हैं। कानून-व्यवस्था बिगड़ती जा रही है। इस समय इन मामलों के प्रति पुलिस और प्रशासन की जिम्मेदारी है कि पूरी मुस्तैदी और दक्षता से कार्रवाई करें।

 

Tags:    

Similar News