महावीर जयंती पर निकली शोभायात्रा, श्रद्धालुओं ने घर के सामने रंगोली सजाई

शहडोल महावीर जयंती पर निकली शोभायात्रा, श्रद्धालुओं ने घर के सामने रंगोली सजाई

Safal Upadhyay
Update: 2023-04-04 09:33 GMT
महावीर जयंती पर निकली शोभायात्रा, श्रद्धालुओं ने घर के सामने रंगोली सजाई

डिजिटल डेस्क,शहडोल। जैन धर्म के 24 वें तीर्थंकर महावीर स्वामी का 2621 वां जन्मोत्सव जैन समाज के अनुयायियों ने श्रद्धा भक्ति पूर्वक मनाया। इस अवसर पर नगर में स्वामी रथ पर सवार होकर  निकले। प्रात: 8 बजे से प्रारम्भ हुई शोभायात्रा नगर के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरी। रास्ते में खड़े श्रद्धालुओं ने पूजा के थाल के साथ नृत्य करते हुए महावीर स्वामी की आराधना की। नगर में कई स्थानों पर जैन समाज के अनुयायियों ने महावीर स्वामी का स्वागत अपने अपने घरों के सामने रंगोली बनाकर किया।

शोभायात्रा के पूर्व मंदिर में स्वामी का जन्माभिषेक किया गया। प्रात: आयोजित पूजा में बड़ी संख्या में समाज के महिला पुरुष और बच्चे शामिल हुए। मंदिर पहुंचकर शोभायात्रा का समापन हो गया। यात्रा समाप्ति के बाद भगवान महावीर स्वामी का पुन: अभिषेक किया गया। मंदिर प्रांगण में दोपहर सामाजिक गोष्ठी का आयोजन हुआ जिसमे समाज के लोग शामिल हुए। शाम 7 बजे भक्ताम्बर महाकाव्य के माध्यम से भगवान महावीर का पूजन किया गया और 48 दीपों को मंत्रोच्चार के साथ प्रज्वलित किया गया। इस अवसर पर नगर के मध्य स्थित जैन मंदिर की आकर्षक साज सज्जा की गई थी। जैन समाज के अध्यक्ष राजेश सिंघई ने बताया कि इस वर्ष अमरकंटक में वृहद् आयोजन होने के कारण अन्य कार्यक्रम आयोजित नहीं किये गए हैं,क्योंकि बड़ी संख्या में नगर के जैन समाज के लोग अमरकण्टक प्रवास पर गए हुए हैं।

Tags:    

Similar News