मुंबई पुलिस आयुक्त से मिले सलमान खान, बिश्नोई गैंग ने दी थी धमकी 

औपचारिक मुलाकात मुंबई पुलिस आयुक्त से मिले सलमान खान, बिश्नोई गैंग ने दी थी धमकी 

Tejinder Singh
Update: 2022-07-22 14:22 GMT
मुंबई पुलिस आयुक्त से मिले सलमान खान, बिश्नोई गैंग ने दी थी धमकी 

डिजिटल डेस्क, मुंबई। अभिनेता सलमान खान ने शुक्रवार को मुंबई पुलिस कमिश्नर विवेक फणसलकर से मुलाकात की। बता दें कि सलमान और उनके पिता सलीम खान को पिछले महीने बिश्नोई गैंग की ओर से जान से मारने की धमकी मिली थी। सलमान शाम चार बजे के करीब दक्षिण मुंबई स्थित पुलिस मुख्यालय पहुंचे और फणसलकर के ऑफिस में जाकर उनसे मुलाकात की। दोनों ने करीब 15 मिनट तक बातचीत की।  इसके बाद सलमान ने संयुक्त पुलिस आयुक्त (कानून व्यवस्था) विश्वास नांगरे पाटील से भी मुलाकात की। मुलाकात के बाद सलमान ने मीडिया से बातचीत नहीं की और वे अपनी गाड़ी में बैठकर निकल गए। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि सलमान मुंबई पुलिस कमिश्नर से सिर्फ औपचारिक मुलाकात करने आए थे और किसी मामले का इस मुलाकात से कोई लेना देना नहीं है। सलमान खान के पिता सलीम खान को पिछले महीने सुबह की सैर के दौरान एक धमकी भरा पत्र मिला था जिसमें लिखा था कि उनका और सलमान का हाल सिद्धू मूसेवाला जैसा कर दिया जाएगा। इसके बाद परिवार के सुरक्षा रक्षक की शिकायत के आधार पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर छानबीन करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इस धमकी के बाद सलमान और उनके पिता की सुरक्षा भी बढ़ा दी गई थी। 
 

Tags:    

Similar News