हर साल दो लाख बुजुर्गों को तीर्थ-दर्शन करवाया जाएगा : सीएम शिवराज

हर साल दो लाख बुजुर्गों को तीर्थ-दर्शन करवाया जाएगा : सीएम शिवराज

Bhaskar Hindi
Update: 2017-09-03 18:06 GMT
हर साल दो लाख बुजुर्गों को तीर्थ-दर्शन करवाया जाएगा : सीएम शिवराज

डिजिटल डेस्क, भोपाल। तीर्थ-दर्शन यात्रा के 5 वर्ष पूरे करने वाले यात्रियों को तीर्थ-दर्शन का पुन: अवसर मिलेगा। योजना में प्रति वर्ष दो लाख श्रद्धालुओं को तीर्थ-दर्शन करवाया जाएगा। सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि रेलगाडिय़ों की संख्या आवश्यकता अनुसार बढ़ाई जाएगी। तीर्थ-यात्रियों को यात्रा के दौरान आवश्यक वस्तुओं का किट दिया जाएगा। गंतव्य तीर्थ के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक महत्व की जानकारियों का ब्रोशर मिलेगा। तीर्थ-यात्राओं के रूट में प्रमुख तीर्थ के साथ निकटवर्ती तीर्थों को भी संयोजित किया जाएगा।

पैकेज बनाकर यात्राओं का आयोजन किया जाएगा। विधायक यदि श्रद्धालुओं के साथ तीर्थ यात्रा पर जाना चाहेंगे तो, उन्हें यात्रा में सम्मिलित किया जाएगा। धर्माचार्यों के साथ चर्चा कर और तीर्थों को भी शामिल किया जाएगा। सीएम रविवार को यहां रवीन्द्र भवन के मुक्ताकाश में सीएम तीर्थ-दर्शन योजना के 5 वर्षों की पूर्णता पर आयोजित समारोह को संबोधित कर रहे थे। सीएम ने समयानुसार सुविधाओं की दृष्टि से यात्रा को और अधिक बेहतर बनाने के लिए विचार-विनिमय कर आवश्यक बदलाव करने के निर्देश दिये।

धर्मस्व विभाग की मंत्री यशोधराराजे सिंधिया ने बताया कि 5 वर्षों की योजना अवधि में 5 लाख 3 हजार बुजुर्गों ने तीर्थ-दर्शन किये हैं। तीर्थों के दर्शन के लिए 503 रेल यात्राओं का आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि जिन्होंने कभी तीर्थों के दर्शन की कल्पना भी नहीं की थी, उनको तीर्थों के दर्शन करवाकर प्रदेश सरकार बुजुर्ग माता-पिता के लिए श्रवण कुमार का कार्य कर रही है।

वर्ल्ड में होगा शाश्वत शांति का दर्शन
रविवार को ही कैम्पियन स्कूल में श्री जैन श्वेताम्बर सकल समिति भोपाल के तत्वावधान में आयोजित सामूहिक क्षमावाणी कार्यक्रम को भी शिवराज ने संबोधित किया। इस दौरान सीएम ने जियो और जीने दो के सिद्धांत को सर्वव्यापी और सर्वमान्य बनाने के लिए सामाजिक स्तर पर सघन प्रयास करने का आव्हान किया। सीएम ने कहा कि अहिंसा परमधर्म के सिद्धांत को सभी लोग जीवन में उतार लें, तो वर्ल्ड में शाश्वत शांति का दर्शन होगा। सारी उथल-पुथल और झगड़े समाप्त हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि क्षमा वही कर सकता है, जिसने स्वयं को जीत लिया हो, वही महावीर है।

Similar News