MP दौरे पर आए अखिलेश यादव ने कहा, कमलनाथ से हमारे बहुत अच्छे संबंध

MP दौरे पर आए अखिलेश यादव ने कहा, कमलनाथ से हमारे बहुत अच्छे संबंध

Bhaskar Hindi
Update: 2018-07-19 08:41 GMT
MP दौरे पर आए अखिलेश यादव ने कहा, कमलनाथ से हमारे बहुत अच्छे संबंध
हाईलाइट
  • अखिलेश यादव कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कमलनाथ और पूर्व राज्यपाल अजीज कुरैशी से मुलाकात करेंगे।
  • सपा मध्य प्रदेश में लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के साथ गठबंधन कर सकती है।
  • समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव गुरुवार को भोपाल पहुंचे।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। अपने तीन दिवसीय मध्यप्रदेश के दौरे पर निकले समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव गुरुवार को भोपाल पहुंचे। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री के मध्यप्रदेश दौरे से कई सियासी कयास लगाए जा रहे हैं। कहा जा रहा है कि सपा मध्य प्रदेश में लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के साथ गठबंधन कर सकती है। अपने दो दिन के भोपाल प्रवास पर अखिलेश यादव कई लोगों से मुलाकात करेंगे, जिनमे कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कमलनाथ और पूर्व राज्यपाल अजीज कुरैशी से उनकी मुलाकात को ख़ास माना जा रहा है। अखिलेश ने पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरुण यादव से भी मुलाकात की।

 



करीब 12 बजे राजाभोज विमानतल पहुंचे अखिलेश यादव तुरंत ही प्रेस कांफ्रेंस के लिए निकल गए। प्रेस के साथ बातचीत के दौरान सपा प्रमुख ने सत्तारूढ़ भाजपा पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश अपराधों में अव्वल है, यहां के किसान को धोखा मिला है।

 

प्रेस कॉन्फ्रेंस में क्या बोले अखिलेश

कमलनाथ से बातचीत के सवाल पर अखिलेश यादव ने कहा कि आप जिनका नाम ले रहे हैं, उनसे हमारे बहुत अच्छे संबंध हैं। समाजवादी पार्टी गठबंधन के पक्ष में है, हम जरूर मिलकर चुनाव लड़ेंगे।

 

 


 

अखिलेश यादव के इस दौरे से राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं शुरू हो गयी हैं। ऐसा माना जा रहा है कि चुनाव में भाजपा को पटखनी देने के लिए कांग्रेस सपा से हाथ मिला सकती है। बता दें कि कांग्रेस पहले ही बहुजन समाज पार्टी के साथ गठबंधन कर काफी जोश में है। आने वाले चुनाव में कांग्रेस सपा का साथ पाना चाहेगी। गौरतलब है कि उप के पूर्व मुख्यमंत्री महीने भर पहले यह स्पष्ट कर चुके हैं कि मध्यप्रदेश का चुनाव कांग्रेस के साथ लड़ेंगे।

क्या रहेगा कार्यक्रम
मध्यप्रदेश के तीन दिवसीय दौरे पर भोपाल पहुंचे अखिलेश यादव पूर्व राज्यपाल अजीज कुरैशी से मिलेंगे। सपा प्रमुख की कमलनाथ के साथ मुलाकात को सबसे ज्यादा खास मना जा रहा है। यादव पूर्व कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अरुण यादव के साथ भोज कार्यक्रम में शामिल होंगे।

Similar News