नागरिकता संशोधन कानून के समर्थन में सड़क पर उतरे हजारों लोग 

नागरिकता संशोधन कानून के समर्थन में सड़क पर उतरे हजारों लोग 

Tejinder Singh
Update: 2019-12-25 16:00 GMT
नागरिकता संशोधन कानून के समर्थन में सड़क पर उतरे हजारों लोग 

डिजिटल डेस्क, गोंदिया। एक ओर जहां पूरे देश में नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ आंदोलन किए जा रहे हैं वहीं दूसरी ओर बुधवार 25 दिसंबर को विदर्भ के गोंदिया, भंडारा, वर्धा, यवतमाल तथा अमरावती जिले में नागरिकता संशोधन कानून के समर्थन में हजारों नागरिक सड़क पर उतर आए। जगह-जगह तिरंगे के साथ विशाल समर्थन रैली निकली। 

गोंदिया में भारतीय नागरिकता संशोधन कानून एवं राष्ट्रीय नागरिकता पंजीयन के समर्थन में भव्य रैली निकाली गई। भारत माता की प्रतिमा, राष्ट्रध्वज एवं भगवा पताकाओं के साथ निकली तिरंगा रैली में सांसद सुनील मेंढे, विधायक विनोद अग्रवाल, विधायक डा. परिणय फुके, विधायक विजय रहांगडाले, पूर्व विधायक रमेश कुथे, नगराध्यक्ष अशोक इंगले, भाजपा जिलाध्यक्ष हेमंत पटले आदि के साथ हजारों की संख्या में महिला व पुरुषों ने हिस्सा लिया।

इसी प्रकार भंडारा में भी बहिरंगेश्वर मंदिर से गांधी चौक होते हुए जिलाधिकारी कार्यालय तक भव्य तिरंगा रैली निकाली गई जिसमें सांसद, विधायक, विविध संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ हजारों लोग शामिल हुए । 

वर्धा में भी  केसरीमल कन्या स्कूल से तिरंगा रैली निकाली गई जो विभिन्न क्षेत्रों से होते हुए छत्रपति शिवाजी महाराज के पुतले के समीप पहुंची। रैली में सांसद रामदास तडस, पूर्व सांसद विजयराव मुडे, सचिन अग्निहोत्री, विहिंप के अटल पांडे आदि शमिल हुए।

यवतमाल में राष्ट्रीय विचार मंच तथा सर्व राष्ट्रप्रेमी संगठन व संस्था की ओर से पोस्टल ग्राऊंड से विशाल रैली निकाली गई जिसमें पूर्व केंद्रीय गृह राज्यमंत्री हंसराज अहिर, विधायक मदन येरावार, विधायक संदीप धुर्वे, संजीवरेड्डी बोदकुरवार तथा अशोक उईके सहित करीब 10 हजार नागरिकों ने हिस्सा लिया।

अमरावती जिले की दर्यापुर तहसील में भी गौरक्षण चौक से रैली निकली जिसका समापन तहसील कार्यालय में हुआ।

 

Tags:    

Similar News