काम बंद हड़ताल पर एंबुलेंस संचालक, एल्गिन और विक्टोरिया अस्पताल में किया प्रदर्शन

थमे जननी एक्सप्रेस के पहिए, बढ़ी गर्भवती महिलाओं की परेशानी काम बंद हड़ताल पर एंबुलेंस संचालक, एल्गिन और विक्टोरिया अस्पताल में किया प्रदर्शन

Bhaskar Hindi
Update: 2021-09-09 13:15 GMT

डिजिटल डेस्क जबलपुर। जबलपुर समेत पूरे प्रदेश में जननी एक्सप्रेस एंबुलेंस के पहिए थम गए हैं, जिसके चलते ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों से आने वाली गर्भवती महिलाओं की परेशानी बढ़ गई है। दरअसल अपनी मांगों को लेकर जननी एक्सप्रेस एंबुलेंस संचालक कामबंद हड़ताल पर चले गए हैं। गुरूवार को वेंडर्स ने एल्गिन अस्पताल और विक्टोरिया अस्पताल में मांगों को लेकर प्रदर्शन किया और जिम्मेदार अधिकारियों को अवगत कराया। बता दें जिले में 24 जननी एक्सप्रेस का संचालन किया जाता है। सेवाएं बंद होने से महिलाओं को दूसरे साधनों की व्यवस्था कर अस्पताल पहुंचना पड़ा। वेंडरों का कहना है कि पिछले 2 माह से ठेका कंपनी द्वारा वेतन नहीं प्रदान किया गया, इसके बाद भी सेवाएं जारी रखीं गईं। वहीं पेट्रोल के दाम भी अत्याधिक बढ़ चुके हैं ऐसे आगे से चालकों के वेतन मे बढ़ोत्तरी भी की जाए। मंहगाई के समय में हमें काफी कम वेतन दिया जा रहा है जिससे घर खर्च चलाना काफी मुश्किल हो गया है। यदि कंपनी द्वारा वेतन में बढ़ोत्तरी नहीं की जाती है तो यह हड़ताल अनिश्चतकाल तक जारी रहेगी। जननी एक्सप्रेस एबुलेंस संचालकों द्वारा की गई हड़ताल का असर एल्गिन अस्पताल में भी दिखा जहां पर कई गर्भवती महिलायें अपने परिजनों के साथ दूसरे साधनों से पहुंचती हुई नजर आईं। परिजनों का कहना था कि इनकी हड़ताल का खामियाजा हम लोगों को अधिक किराया देकर भुगतना पड़ रहा है।
 

Tags:    

Similar News