पन्ना: कांग्रेस के इरादों और देश की जनता के बीच मोदी जी दीवार बनकर खडे हैं: विष्णुदत्त शर्मा

  • कांग्रेस के इरादों और देश की जनता के बीच मोदी जी दीवार बनकर खडे हैं: विष्णुदत्त शर्मा
  • खजुराहो लोकसभा के मतदाताओं का आभार जताकर दिया विकसित खजुराहो का आश्वासन

Sanjana Namdev
Update: 2024-04-28 08:13 GMT

डिजिटल डेस्क, पन्ना। भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष व खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने शनिवार को पन्ना के एक स्थानीय होटल में पत्रकार वार्ता आयोजित कर विरासत टैक्स और ईवीएम पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद कांग्रेस सहित अन्य विपक्षी दलों पर जमकर निशाना साधा। वहीं उनके द्वारा २६ अप्रैल को सम्पन्न हुए मतदान के लिए खजुराहो लोकसभा व पन्ना जिले के मतदाताओं का आभार भी जताया। साथ ही यह आश्वासन दिया कि उनके अतुलनीय मत का कर्ज वह आगामी 5 सालों में विकास के नये आयाम स्थापित करके चुकाएंगे। प्रदेशाध्यक्ष श्री शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्राथमिकता देश के गरीब हैं लेकिन कांग्रेस की प्राथमिकता एक विशेष समुदाय है। इटालियन कांग्रेस अमेरिकन टैक्स को भारत में लागू करना चाहती है। कांग्रेस के इन खतरनाक इरादों और देश की जनता के बीच नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व वाली सरकार दीवार बनकर खडी है। जनता के धन को लूटना, देश की संपत्ति को लूटने कांग्रेस अपना जन्मसिद्ध अधिकार समझती है। विरासत टैक्स के बहाने अपने पूर्वजों की संपत्तियां, घुसपैठियों को कांग्रेस सौंपना चाहती है।

यह भी पढ़े -भगवान श्री परशुराम जी के जन्मोत्सव की तैयारी बैठक आज

कांग्रेस के मंसूबे सफल नहीं होंगे ये मोदी जी की गारंटी है

प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के चेहरे से पूरी तरह नकाब उतर गया है। कांग्रेस के प्रथम परिवार के सलाहकार सैम पित्रोदा जैसे छोटे-छोटे टाईम बम्ब कांग्रेस में बैठे हैं जो देश के बाहर जाकर भारत में षड्यंत्र के धमाके कर रहे हैं। भारत में कांग्रेस आम आदमियों की जेब खाली करने के लिए 45 से 55 प्रतिशत विरासत टैक्स लगाने की बात कर रही है। सैम पित्रोदा जिस अमेरिकन टैक्स की बात कर रहे हैं वहां अमेरिका में भी इस टैक्स पर विवाद है। अमेरिका के सिर्फ 6 राज्यों में इस टैक्स को वसूलने की व्यवस्था है लेकिन लूटो और शासन करो की नीति पर चलने वाली कांग्रेस मुंगेरी लाल के हसीन सपने देखते हुए इस टैक्स को भारत में लागू करने की बात कर रही है।

यह भी पढ़े -कंगना ने हिमाचल सरकार से पूछा, प्राकृतिक आपदा से निपटने के लिए दिए गए 1800 करोड़ कहां गए

7 लाख पर नहीं लगता कोई टैक्स, कांग्रेस लेगी 1 लाख पर करीब 40 प्रतिशत टैक्स

सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि आज अगर आपकी सालाना आय 5 लाख है तो भाजपा आपकी आय पर कोई टैक्स नहीं लगाती लेकिन सैम पित्रोदा की स्कीम कांग्रेस सत्ता में आकर लागू करेगी तो जनता को 1 लाख सालाना आय पर करीब 30 से 40 प्रतिशत कांग्रेस को देना होगा। उन्होंने कहा कि भ्रम और असत्य की विपक्षी साजिश को न्यायालय ने आईना दिखा दिया है। देश को ईवीएम से हटाकर उसे 50 साल पीछे ले जाने के लिए बैलट पेपर से चुनाव की विपक्ष की मांग को सुप्रीम कोर्ट ने खारिज कर दिया है। ईवीएम पर दुष्प्रचार करके विपक्षी दलों ने प्रजातंत्र को बहुत बडा नुकसान पहुंचाया है। सुप्रीम कोर्ट और चुनाव आयोग के अनुसार ईवीएम से कोई छेडछाड व खिलवाड नहीं हो सकता है। ईडी गठबंधन के हर नेता ने ईवीएम को लेकर जनता के मन में संदेह पैदा करने का पाप किया है लेकिन आज देश के लोकतंत्र और बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के संविधान की ताकत देखिए सुप्रीम कोर्ट ने मतपेटियों को लूटने का इरादा रखने वालों को ऐसा गहरा झटका दिया है कि उनके सारे सपने चूर-चूर हो गए हैं। ईवीएम के बहाने अपनी नाकामियों को छुपाने के लिए विपक्ष द्वारा बार-बार बोले जा रहे झूठ पर सर्वोच्च न्यायालय का निर्णय स्वागत योग्य है। बेहतर होगा विपक्ष असल मुद्दों पर चुनाव लडे क्योंकि इनकी सोच विचारधारा को जनता व न्यायालय दोनों ने ही ठुकरा दिया है।

यह भी पढ़े -जनता नरेंद्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने को आतुर , पन्ना में निकला भाजपा प्रत्याशी विष्णुदत्त शर्मा का रोड शो

सर्वोच्च न्यायालय ने व्यवस्था दी है कि चुनाव परिणाम में दूसरे या तीसरे नंबर पर आने वाले किसी प्रत्याशी को कोई आशंका है तो वह चुनाव परिणाम आने के 7 दिन के भीतर शिकायत कर सकता है। शिकायत के बाद ईवीएम बनाने वाली कंपनी के इंजीनियर्स इसकी जांच करेंगे। विपक्षी दलों का ईवीएम से वीवीपैट की 100 प्रतिशत पर्ची का मिलान करने की मांग तर्क संगत नहीं थी। न्यायालय ने शिकायत के बाद 5 प्रतिशत ईवीएम की जांच का रास्ता भी खोल दिया है। अगर किसी पार्टी या प्रत्याशी को परेशानी या शक है तो वह चुनाव आयोग से शिकायत करके विधानसभा क्षेत्रवार 5 प्रतिशत ईवीएम की जांच भी करा सकता है। यह भी न्यायालय का स्वागत योग्य फैसला है। प्रेस वार्ता के दौरान पूर्व मंत्री व पन्ना विधायक ब्रजेन्द्र प्रताप सिंह, भाजपा जिला अध्यक्ष ब्रजेन्द्र मिश्रा, लोकसभा संयोजक सतानंद गौतम एवं प्रदेश सह मीडिया प्रभारी आशीष तिवारी उपस्थित रहे। 

Tags:    

Similar News