आईपीएल 2024: रिषभ पंत के 'नो लुक सिक्स' के मुरीद हुए किंग खान, शाहरुख खान का रिएक्शन वीडियो हुआ वायरल

  • पंत के 'नो लुक सिक्स' ने बंटोरी सुर्खियां
  • शाहरुख ने बजाई तालियां
  • वीडियो वायरल

Anchal Shridhar
Update: 2024-04-04 15:15 GMT

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। आईपीएल का यह सीजन दिल्ली कैपिटल्स के लिए कुछ खास अच्छा जाता नहीं दिख रहा है। अपने चौथे मैच में टीम को केकेआर ने 106 रनों के विशाल अंतर से हरा दिया। हालांकि मैच में दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान रिषभ पंत अपने पुराने अंदाज में दिखे। उन्होंने महज 25 गेंदों में चार चौके और पांच छक्के से 55 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली। इस दौरान पंत ने एक छक्का बिना देखे ही जड़ दिया। रिषभ का यह नो लुक सिक्स इतना शानदार था कि उनके शॉट पर स्टेडियम में बैठे पठान यानि शाहरुख खान भी गदगद हो गए और खड़े होकर उनके लिए तालियां बजाने लगे। अब शाहरुख का यह वीडियो सोशल मीडिया में जमकर वायरल हो रहा है।

पंत ने लगाया बेहतरीन छक्का

असल में, 273 रनों का विशाल टारगेट चेज करने उतरी दिल्ली के शुरुआती चार विकेट 33 रनों के अंदर ही गिर गए थे। इसके बाद कप्तान रिषभ ने मोर्चा संभाला और तेज-तर्रार अर्धशतकीय पारी खेली। अपनी इस पारी के दौरान उन्होंने वेंकटेश अय्यर की लेग स्ंटप की तरफ जाती गेंद पर गगनचुंबी छक्का जड़ दिया। पंत के इसी नो लुक सिक्स ने दर्शकदीर्घा में बैठे बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान का दिल भी जीत लिया। जिसके बाद शाहरुख खान भी ताली बजाकर उनकी हौसला अफजाई करते हुए नजर आए। इतना ही नहीं मैच खत्म होने के बाद शाहरुख ने रिषभ पंत को गले भी लगाया।

106 रन से हारी दिल्ली

इसके अलावा मैच की बात करें तो कोलकाता के खिलाफ दिल्ली के कप्तान रिषभ पंत ने 25 गेंदों में चार चौके और पांच छक्के की मदद से 55 रनों की विस्फोटक पारी खेली। वहीं, ट्रिस्टन स्टब्स ने 32 गेंदों में चार चौके और चार छक्के की मदद से 54 रन बनाए। बता दें कि 273 रनों का विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली की पूरी टीम केवल 166 रन पर सिमट गई। जिसके चलते दिल्ली को 106 रनों से बड़ी हार का सामना करना पड़ा।

Tags:    

Similar News