जेसिका लाल हत्याकांड: दोषी मनु शर्मा जेल से रिहा, अच्छे व्यवहार के चलते उपराज्यपाल ने समय से पहले रिहाई को दी मंजूरी

जेसिका लाल हत्याकांड: दोषी मनु शर्मा जेल से रिहा, अच्छे व्यवहार के चलते उपराज्यपाल ने समय से पहले रिहाई को दी मंजूरी

Bhaskar Hindi
Update: 2020-06-02 15:44 GMT
जेसिका लाल हत्याकांड: दोषी मनु शर्मा जेल से रिहा, अच्छे व्यवहार के चलते उपराज्यपाल ने समय से पहले रिहाई को दी मंजूरी

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। मॉडल जेसिका लाल की हत्या का दोषी मनु शर्मा मंगलवार को तिहाड़ जेल से रिहा हो गया है। उपराज्यपाल अनिल बैजल ने पिछले महीने अच्छे व्यवहार के चलते समय से पहले उसे रिहा करने की मंजूरी दे दी थी। उन्हें दिल्ली के तिहाड़ जेल से 18 अन्य कैदियों के साथ रिहा किया गया है। बता दें कि पूर्व राज्यसभा सदस्य विनोद शर्मा के बेटे मनु शर्मा को 1999 में जेसिका लाल की सनसनखेज हत्या के लिए उम्र कैद की सजा सुनाई गई थी। ट्रायल कोर्ट ने उसे बरी कर दिया था, लेकिन 2006 में हाईकोर्ट ने फैसले को पलट दिया और उसे दोषी ठहराया। जबकि सुप्रीम कोर्ट ने अप्रैल 2010 में उसकी उम्र कैद की सजा को बरकरार रखा।

शर्मा के वकील अमित साहनी ने बताया कि यह अदालत में चली लंबी लड़ाई और सजा के खत्म होने के रूप में खुशी का दिन है। यह जेल के अंदर उनके अच्छे व्यवहार का परिणाम है। साहनी ने कहा कि वह पहले ही जेल से बाहर थे, क्योंकि वह आपातकालीन पैरोल पर थे, लेकिन एक जून (सोमवार) को जेल के अंदर सभी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद, उन्हें अब आधिकारिक तौर पर रिहा कर दिया गया है।

शराब न परोसने से इनकार करने पर मार दी थी गोली
बता दें कि 30 अप्रैल, 1999 की रात दक्षिणी दिल्ली के महरौली इलाके में सोशलाइट बीना रमानी के स्वामित्व वाली टैमरिंड कोर्ट रेस्तरां में शराब परोसने से इनकार करने के बाद मनु शर्मा ने जेसिका लाल को गोली मार दी थी। जेसिका लाल के कत्ल के आरोप में मनु शर्मा और अन्य अभियुक्तों पर निचली अदालत में सात साल मुकदमा चला था। 

परिवार ने सात साल तक लड़ी इंसाफ की लड़ाई
मनु शर्मा हरियाणा के नेता विनोद शर्मा का बेटा है। मामले में सभी आरोपी बरी हो गए थे। आरोपियों के बरी होने के बाद भी जेसिका का परिवार निराश नहीं हुआ। उसकी बहन ने नए सिरे से इस केस में जान फूंकने की कोशिश की। यह मामला मीडिया में उछला। उसके बाद तो जेसिका लाल मर्डर केस में इंसाफ के लिए दिल्ली क्या पूरा देश एक साथ आ गया। इस केस को दोबारा खोलना पड़ा। फास्टट्रैक कोर्ट में केस चला। उसके बाद जेसिका के हत्यारे मनु शर्मा को उम्र कैद की सजा सुनाई गई।

केस पर बनी थी फिल्म "नो वन किल्ड जेसिका"
2011 में जेसिका लाल मर्डर केस से प्रभावित होकर फिल्म "नो वन किल्ड जेसिका" बनाई गई। इसमें फिल्म अभिनेत्री रानी मुखर्जी और विद्या बालान प्रमुख भूमिका थे। इसके अलावा फिल्म हल्ला बोल की कहानी भी जेसिका मर्डर केस से प्रभावित थी। दोनों फिल्मों में आम आदमी और मीडिया की ताकत को दर्शाया गया था।

 
 

Tags:    

Similar News