क्या भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राहुल गांधी को दौड़ता देखकर पीएम मोदी ने ताली बजाई थीं? जानें सच

फैक्ट चैक क्या भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राहुल गांधी को दौड़ता देखकर पीएम मोदी ने ताली बजाई थीं? जानें सच

Anchal Shridhar
Update: 2022-11-03 17:48 GMT
क्या भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राहुल गांधी को दौड़ता देखकर पीएम मोदी ने ताली बजाई थीं? जानें सच

डिजिटल डेस्क, भोपाल। कांग्रेस नेता राहुल गांधी इस समय अपनी भारत जोड़ो यात्रा पर हैं। तामिलनाडू से लेकर कन्याकुमारी तक होने वाली यह यात्रा तेलंगाना में प्रवेश कर चुकी है। यात्रा के दौरान राहुल गांधी की कई तस्वीरें और वीडियो सामने आए हैं जिनको लेकर बीजेपी और कांग्रेस के बीच कहासुनी हो चुकी है। इस बीच सोशल मीडिया पर राहुल की इस यात्रा से जुड़ा एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें पीएम मोदी टीवी पर राहुल गांधी को दौड़ता देखकर ताली बजाते हुए दिख रहे हैं।

इस वीडियो को शेयर करते हुए एक ट्विटर यूजर ने लिखा "चीता आ गया है।" 

वहीं एक अन्य यूजर ने लिखा, "वाह क्या सीन है"

पड़ताल - वायरल वीडियो की सच्चाई जानने के लिए हमने इसके बारे में जानकारी एकत्रित की। इसके लिए हमने रिवर्स सर्च की सहायता ली। सर्च करने पर हमें यह वीडियो ट्विटर पर मिला। इस वीडियो को न्यूज एजेंसी एएनआई ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट से 22 जुलाई 2019 को ट्वीट किया था। एएनआई के इस वीडियो में प्रधानमंत्री इसरो के चंद्रयान-2 की लॉन्चिंग देख रहे थे। वीडियो में दिखाई देता है कि जैसे ही चंद्रयान का प्रक्षेपण सफल होता है पीएम मोदी इसरो के अधिकारियों के साथ ताली बजाते हैं। 

हमारी इस पड़ताल से साफ जाहिर होता है कि पीएम मोदी भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राहुल गांधी को दौड़ता देख नहीं बल्कि चंद्रयान-2 की सफल लॉन्चिंग को देखकर ताली बजा रहे हैं। वीडियो को एडिट करके गलत दावे के साथ वायरल किया जा रहा है।

बता दें कि इससे पहले भी मोदी के इस वीडियो को एडिट करके गलत दावे के साथ वायरल किया गया था। 

Tags:    

Similar News