FIH Series Finals: भारत ने उज्बेकिस्तान को मात देकर सेमीफाइनल में किया प्रवेश

FIH Series Finals: भारत ने उज्बेकिस्तान को मात देकर सेमीफाइनल में किया प्रवेश

Bhaskar Hindi
Update: 2019-06-11 06:08 GMT
FIH Series Finals: भारत ने उज्बेकिस्तान को मात देकर सेमीफाइनल में किया प्रवेश
हाईलाइट
  • आकाशदीप सिंह ने हैटट्रिक लगाई
  • भारत ने उज्बेकिस्तान को 10-0 से हराया

डिजिटल डेस्क, भुवनेश्वर। भारतीय हॉकी टीम ने सोमवार को FIH सीरीज फाइनल्स के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है। आखिरी पूल मैच में भारत ने उज्बेकिस्तान को 10-0 से मात देकर सेमीफाइनल में जगह पक्की की है। भारत के लिए आकाशदीप सिंह ने सबसे ज्यादा 3 गोल दागे। वरुण कुमार और मनदीप सिंह ने 2-2 गोल किए। अमित रोहिदास, नीलकांत शर्मा, गुरसाहिबजीत सिंह ने 1-1 गोल किया। भारतीय टीम ने सभी ग्रुप मैच जीते और पूल-ए में  टॉप पर रही। अब शुक्रवार को सेमीफाइनल में भारतीय टीम का सामना जापान और पोलैंड के बीच होने वाले क्रॉसओवर मैच की विजेता टीम से होगा। 

मैच में भारतीय टीम ने दमदार प्रदर्शन किया और उज्बेकिस्तान को कोई मौका नहीं दिया। भारत के लिए पहला गोल पेनल्टी कॉर्नर पर वरुण कुमार ने किया और टीम का स्कोर 1-0 किया। दूसरा गोल आकाशदीप ने 11वें मिनट में किया और भारत की बढ़त को दोगुना कर दिया। इसके 4 मिनट बाद रोहिदास ने गोल किया और पहले क्वॉर्टर में टीम की बढ़त को 3-0 कर दिया। 

दूसरे क्वॉर्टर में भी भारतीय टीम ने आक्रमण जारी रखा। वरुण ने 22वें मिनट में अपना दूसरा गोल दागा और भारत का स्कोर 4-0 कर दिया। 26वें मिनट में आकाशदीप ने भी अपना दूसरा गोल दागा और टीम को 5-0 से आगे कर दिया। भारत के लिए 6वां गोल नीलकांत ने 27वें मिनट में किया और स्कोर 6-0 पहुंचाया। हाफ टाइम से पहले मनदीप सिंह ने 30वें मिनट में गोल दागा और भारत की बढ़त को 7-0 कर दिया। 

हाफ टाइम के बाद तीसरे क्वार्टर में भी भारत ने उज्बेकिस्तान को कोई मौका नहीं दिया और आक्रमक खेल जारी रखा। भारतीय टीम तीसरे क्वार्टर में सिर्फ एक गोल ही कर पाई। 45वें मिनट में गुरसाहिबजीत ने गोल दागा और भारत का स्कोर 8-0 किया। चौथे और आखिरी क्वार्टर में भी भारत ने 2 गोल किए। 53वें मिनट में आकाशदीप ने गोल कर अपनी हैटट्रिक पूरी की और स्कोर 9-0 पहुंचाया। मनदीप ने अपना दूसरा और भारत के लिए 10वां गोल दागा और भारत को 10-0 से जीत दिलाई। 

Tags:    

Similar News