Tokyo Olympics: ग्रेट ब्रिटेन ने ऑयरलैंड को 2-0 से हराया, भारतीय महिला हॉकी टीम पहली बार ओलंपिक के क्वार्टर फाइनल में पहुंची

Tokyo Olympics: ग्रेट ब्रिटेन ने ऑयरलैंड को 2-0 से हराया, भारतीय महिला हॉकी टीम पहली बार ओलंपिक के क्वार्टर फाइनल में पहुंची

Bhaskar Hindi
Update: 2021-07-31 17:54 GMT
Tokyo Olympics: ग्रेट ब्रिटेन ने ऑयरलैंड को 2-0 से हराया, भारतीय महिला हॉकी टीम पहली बार ओलंपिक के क्वार्टर फाइनल में पहुंची
हाईलाइट
  • ग्रेट ब्रिटेन और आयरलैंड के मुकाबले पर टिकी थी भारत की उम्मीदें
  • ग्रेट ब्रिटेन ने ऑयरलैंड को 2-0 से हराया
  • भारतीय महिला हॉकी टीम ने पहली बार क्वार्टर फाइनल में बनाई जगह

डिजिटल डेस्क, टोक्यो। ग्रेट ब्रिटेन की महिला हॉकी टीम के ग्रुप स्टेज में पूल ए मुकाबले में आयरलैंड को 2-0 से हराने के साथ ही भारतीय महिला टीम ने पहली बार ओलंपिक के क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है।

भारत ने आज सुबह ग्रुप स्टेज के अपने आखिरी मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका को 4-3 से हराकर नॉकआउट में पहुंचने की उम्मीद बरकरार रखी थी। भारत की ओलंपिक में पांच मैचों में यह दूसरी जीत थी और उसके क्वार्टर फाइनल में पहुंचने के लिए ग्रेट ब्रिटेन का आयरलैंड के खिलाफ मुकाबला जीतना जरूरी था।

प्रत्येक ग्रुप से चार-चार टीमों को नॉकआउट में जाना है। भारत के पांच मैचों से छह अंक हैं और उसका गोल डिफरेंस -7 है। इस ग्रुप से नीदरलैंड, जर्मनी और ब्रिटेन पहले ही नॉकआउट में पहुंच चुके थे। एक स्थान बचा था, जिसके लिए भारत और आयरलैंड के बीच घमासान था। भारतीय टीम अंक तालिका में चौथे स्थान पर रहने के साथ ही क्वालीफाई करने में सफल रही।

भारत का क्वार्टर फाइनल में सामना पूर्व चैंपियन ऑस्ट्रेलिया से होगा जबकि नीदरलैंड का न्यूजीलैंड, स्पेन का ग्रेट ब्रिटेन और जर्मनी का अर्जेटीना से मुकाबला होगा।

महिला हॉकी इवेंट को 1980 मॉस्को ओलंपिक से शामिल किया गया था। भारतीय महिला हॉकी टीम का यह तीसरा ओलंपिक है। 2016 में टीम ग्रुप चरण में अपने पूल में आखिरी स्थान पर रही थी।

इससे पहले, ग्रेट ब्रिटेन की ओर से सुसानाह टाउनसेंड ने दूसरे क्वार्टर में 17वें मिनट में गोल कर टीम को बढ़त दिलाई। इसके बाद हनाह मार्टिन ने 32वें मिनट में गोल कर स्कोर 2-0 कर दिया। आयरलैंड की टीम अंत तक बराबरी या बढ़त हासिल नहीं कर सकी और उसे हार का सामना करना पड़ा।

इस हार के बाद आयरलैंड के पांच मैचों में एक जीत और चार हार के साथ तीन अंक रहे और वह अंक तालिका में पांचवें स्थान पर रहा।

Tags:    

Similar News