ब्राजील में बारिश-बाढ़ से हाहाकार: कई पुल और सड़कें हुईं क्षतिग्रस्त, अब तक 58 लोगों की मौत, 70 हजार से ज्यादा हुए बेघर, इंमरजेंसी लागू

  • ब्राजील में बाढ़ ने मचाया कहर
  • 58 लोगों ने गंवाई जान
  • पुल और सड़क तबाह होने से रेस्क्यू में आ रही परेशानियां

Anchal Shridhar
Update: 2024-05-05 09:32 GMT

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दक्षिण अमेरिकी देश ब्राजील में इस समय बाढ़ से तबाही मची हुई है। देश कई हिस्सों में लगातार हो रही बारिश से बाढ़ और भूस्खलन जैसी समस्याएं पैदा हो गई हैं। स्टेट डिफेंस एजेंसी के अनुसार, बाढ़ के चलते अब 58 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं, वहीं सैंकड़ों घायल और लापता हैं। बाढ़ से सबसे ज्यादा प्रभावित देश का रियो ग्रांडे डो सुल राज्य है। यहां के हालातों को देखते हुए सरकार ने यहां इमरजेंसी का ऐलान कर दिया है। मौसम विभाग ने आने वाले कुछ दिनों तक बारिश होते रहने की चेतावनी जारी की है। सोशल मीडिया पर ब्राजील में आई बाढ़ के फोटोज और वीडियोज भी वायरल हो रहे हैं। जिनमें घर पानी में डूबे हुए घर दिखाई दे रहे हैं। 

70 हजार लोगों ने छोड़ा घर

बाढ़ के चलते लोगों के घरों में पानी भर गया है, जिसकी वजह से उन्हें पलायन करना पड़ रहा है। स्थानीय मीडिया के मुताबिक अब तक 70 हजार से ज्यादा लोग अपना घर छोड़ चुके हैं। उन्हें स्कूल, रेस्क्यू सेंटर और अन्य सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है। उधर, भारी बारिश की वजह से पोर्टो एलेग्रे शहर के तीन से ज्यादा हाइड्रो प्लांट बंद पड़ गए हैं। जिससे लोगों को पीने लायक पानी भी नसीब नहीं हो पा रहा है।

इसके अलावा रियो ग्रांडे डो सुल राज्य में लगातार हो रही बारिश की वजह से गुआबा नदी पर बने बांध के टूटने का खतरा बढ़ गया है। जानकारी के मुताबिक गुआबा नदी करीब 5 मीटर की रिकॉर्ड ऊंचाई पर बह रही है। बाढ़ और भूस्खलन से शहर के प्रमुख पुल और सड़कें भी तबाह हो गई हैं, जिससे बचावकर्मियों को रेस्क्यू करने में बड़ी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

तबाही की वजह जलवायु परिवर्तन

इस बीच देश के राष्ट्रपति लूला डी सिल्वा ने बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया और लोगों को सरकार की ओर से ज्यादा से ज्यादा मदद का वादा किया। इसके साथ ही ब्राजील के राष्ट्रपति ने इस आपदा के लिए जलवायु परिवर्तन को जिम्मेदार ठहराया है। उधर, ब्राजील के मौसम विभाग ने भी लगातार हो रही भारी बारिश के लिए अल-नीनो को जिम्मेदार बताया है। 

Similar News