PAK कोर्ट ने डेढ़ महीने में ही सुनाया फैसला, जैनब के हत्यारे को फांसी की सजा

PAK कोर्ट ने डेढ़ महीने में ही सुनाया फैसला, जैनब के हत्यारे को फांसी की सजा

Bhaskar Hindi
Update: 2018-02-17 10:33 GMT
PAK कोर्ट ने डेढ़ महीने में ही सुनाया फैसला, जैनब के हत्यारे को फांसी की सजा

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। पाकिस्तान की एक कोर्ट ने रेप के बाद हत्या का शिकार हुई 8 साल की मासूम जैनब को सिर्फ डेढ़ महीने में ही इंसाफ दिला दिया है। कोर्ट ने जैनब के रेपिस्ट और हत्यारे इमरान अली को मौत की सजा सुनाई है। इमरान अली को पाकिस्तान की कोर्ट ने 4 आरोपों के तहत ये सजा सुनाई है। इसके साथ ही इमरान पर 20 लाख रुपए का जुर्माना भी लगाया गया है। बता दें कि जैनब की बॉडी 9 जनवरी को एक कूड़े के ढेर के पास पड़ी मिली थी।

 

                                                                                    आरोपी इमरान अली

4 आरोपों के तहत मिली सजा

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, जैनब का रेपिस्ट और हत्यारा इमरान अली पर 4 आरोप तय किए गए थे। शनिवार को पाकिस्तानी कोर्ट ने लाहौर सेंट्रल जेल में सजा का एलान किया। इनमें से किडनैपिंग, रेप, मर्डर और एंटी टेररिज्म एक्टिविटी के लिए इमरान को मौत की सजा सुनाई गई है। उम्र कैद और 10 लाख रुपए का जुर्माना अननेचुरल सेक्स के लिए लगाया गया है, जबकि 7 साल कैद और 10 लाख रुपए का जुर्माना जैनब की बॉडी को कूड़े के ढेर में छुपाने के लिए लगाया गया है।

DNA टेस्ट के बाद पकड़ाया था इमरान

इमरान को पकड़ने के लिए पुलिस और खुफिया एजेंसियों काफी समय से जुटी हुई थी। उसके बावजूद भी जब कोई सुराग हाथ नहीं लगा, तो पुलिस ने तय किया कि जैनब के घर के ढाई किलोमीटर के दायरे के सभी पुरुषों का DNA टेस्ट किया जाएगा। इसके बाद 1150 लोगों का DNA टेस्ट किया गया, जिसमें इमरान का DNA 100% मैच हुआ। इसके बाद उसे 23 जनवरी को गिरफ्तार कर लिया गया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इमरान अली का DNA न सिर्फ जैनब के साथ मैच हुआ, बल्कि और भी कई मामलों में मैच हुआ था। बताया जा रहा था कि 6 रेप और मर्डर केस में भी इमरान का DNA मैच हुआ है।

 



जैनब के घर के पास ही रहता है इमरान

मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो इमरान अशरफ अली को उसी इलाके से गिरफ्तार किया गया था, जहां जैनब का घर है। पुलिस के मुताबिक, इमरान जैनब की चाची के घर के पास ही रहता है। बताया ये भी जा रहा था कि इमरान जैनब को और उसके घर वालों को अच्छी तरह से जानता था और उनके घर में अक्सर आया करता था। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, जैनब रेप-मर्डर केस में इमरान को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका था, लेकिन सबूतों की कमी होने की वजह से उसे छोड़ दिया गया था। हालांकि, बाद में पुलिस ने इमरान को पुख्ता सबूतों के साथ गिरफ्तार किया था।

क्या है पूरा मामला? 

दरअसल, 4 जनवरी को 8 साल की जैनब अंसारी कसूर शहर से गायब हो गई थी। इसके बाद 9 जनवरी को उसकी लाश कू़ड़े के ढेर के पास मिली थी। पुलिस जांच में पता चला कि जैनब का पहले रेप किया गया और बाद में उसकी हत्या कर दी गई। इसके बाद जब सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, तो जैनब को एक आदमी के साथ हाथ पकड़ते हुए जाते देखा गया। सीसीटीवी में जो आदमी दिखाई दे रहा है, उसकी शक्ल इमरान से हूबहू मिल रही है। इसके साथ ही DNA भी मैच हो गया है, जिसके बाद इमरान को गिरफ्तार कर लिया गया था। 

Similar News