अमेरिकी राष्ट्रपति को जान से मारने की धमकी देने वाले शख्स को पुलिस ने मार गिराया, पूर्व राष्ट्रपति ट्रंप का था समर्थक

  • सोशल मीडिया में दी थी धमकी
  • आरोपी पर पहले से ही आपराधिक मामले में दर्ज थे
  • हिंसक गतिविधि किए जाने के बाद पुलिस ने मारी गोली

Dablu Kumar
Update: 2023-08-10 17:52 GMT

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन को जान से मारने की धमकी देने वाले शख्स को एफबीआई की टीम ने मार गिराया है। बताया जा रहा है कि शख्स पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का समर्थक था।

अमेरिकी मीडिया हाउस एबीसी न्यूज के मुताबिक, हाल ही शख्स ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा किया था, जिसमें उसने राष्ट्रपति बाइडेन को गोली मारने की धमकी दी थी। अमेरिकी न्यूज के मुताबिक, रॉबर्टसन नाम के एक शख्स ने बंदूक की नली की ओर इशारा करते हुए अपनी तस्वीर शेयर कर लिखा, 'सुना है कि बाइडेन यूटा का दौरा करने वाले हैं। मै उन्हें गोली मारने जा रहा हूं। उस बेवकूफ का यहां स्वागत है।' उसने अपनी पोस्ट में लिखा, 'अमेरिका के राष्ट्रपति की हत्या करने का यह समय बिल्कुल सही है, पहले बाइडेन और फिर कमला।'

अधिकारियों ने मीडिया में की पुष्टि

इसके बाद FBI की टीम ने प्रोवो शहर में रॉबर्टसन के घर में छापा मारा। पहले खबर आई कि एजेंसी वाले उसे गिरफ्तार करने की कोशिश कर रहे थे। बाद में पता चला कि उसे गोली मार दी गई है। एफबीआई के अधिकारियों ने मीडिया चैनल को जानकारी दी है कि आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए एक विशेष टीम उसके घर पर पहुंची। लेकिन उस शख्स द्वारा हिंसक गतिविधि किए जाने के बाद उसे गोली मारकर हत्या कर दी गई है। शिकायत में बताया गया है कि रॉबर्टसन पर पहले से ही तीन आपराधिक मामले में दर्ज थे। जिसमें वह फरार भी चल रहा था।

हालांकि, यह पहला ऐसा मौका नहीं जब रॉबर्टसन ने किसी को जान से मारने की धमकी दी थी। इससे पहले इसी साल मार्च माह में उसने कथित तौर पर न्यूयॉर्क काउंटी के जिला अटॉनी एल्विन ब्रैग को मारने की धमकी दी थी। जानकारी के मुताबिक, जिला अटॉनी एल्विन ब्रैग डोनाल्ड ट्रम्प की राज्य आपराधिक जांच को लीड कर रहे हैं। फॉक्स 13 की रिपोर्ट के अनुसार, रॉबर्टसन ने अपने पोस्ट में कहा था कि वह ब्रैग के माथे में गोली मारकर उसे मरते हुए देखना चाहता है। 

Tags:    

Similar News