अमरनाथ में एक बार फिर बरपा बाढ़ का कहर, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

अमरनाथ यात्रा अमरनाथ में एक बार फिर बरपा बाढ़ का कहर, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

Anchal Shridhar
Update: 2022-07-26 12:48 GMT

डिजिटल डेस्क, श्रीनगर। अमरनाथ गुफा के करीब एक बार फिर से प्राकृतिक आपदा आई है। गुफा के आसपास हो रही तेज बारिश के कारण यहां के यहां के जलाशयों में बाढ़ आ गई। बाढ़ की स्थिति देखते हुए यहां तुरंत अलर्ट जारी किया गया। जानकारी के मुताबिक प्रशासन ने लगभग 4 हजार श्रृद्धालुओं को खतरे वाले क्षेत्र से सुरक्षित निकाल लिया है। इस हादसे में किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है। घटना दोपहर करीब 3 बजे की बताई जा रही है।  

 

 

8 जुलाई को हो चुका है बड़ा हादसा 

आज घटित हुए इस हादसे से पहले भी बीती 8 जुलाई को भी अमरनाथ गुफा के करीब बादल फटने की घटना हुई थी। इस घटना में जहां 15 लोगों की मौत हो गई थी वहीं 40 से ज्यादा लोग लापता हो गए थे। बता दें कि 8 जुलाई को शाम के करीब साढ़े पांच बजे बादल फटने की वजह से आसपास के जलाशयों और झरनों में बाढ़ आ गई थी। अचानक आई इस बाढ़ में गुफा के निकट बने यात्रियों के टेंट तबाह हो गए थे।

इस घटना के बाद प्रशासन ने यात्रा को रोकने का फैसला लिया था। श्राइन बोर्ड के अधिकारियों के मुताबिक, इस बार यात्रा के दौरान 36 से अधिक यात्रियों की मौत हो चुकी है। 

आज रवाना हुआ था 2189 श्रृद्धालुओं का जत्था

अमरनाथ तीर्थयात्रियों का एक जत्था आज जम्मू के भगवती नगर आधार शिविर से अमरनाथ दर्शन के लिए रवाना हुआ। इस जत्थे कुल 2189 लोग शामिल थे। यह अमरनाथ यात्रा पर आये यात्रियों का 26 वां जत्था था। श्री अमरनाथजी श्राइन बोर्ड (एसएएसबी) के अधिकारियों ने बताया कि अब तक कुल 2,57,921 यात्रियों ने गुफा मंदिर में दर्शन किए हैं। वहीं सोमवार को 7,321 तीर्थयात्रियों ने यात्रा की।

आज रवाना हुए इस जत्थे को सीआरपीएफ की कड़ी सुरक्षा के बीच 73 वाहनों के काफिले के साथ रवाना किया गया। बता दें कि अमरनाथ यात्रा 11 अगस्त को रक्षाबंधन के दिन समाप्त होगी। 

Tags:    

Similar News