किन्नरों ने भी मनाया चौथ, रखा व्रत और पहना मंगलसूत्र 

किन्नरों ने भी मनाया चौथ, रखा व्रत और पहना मंगलसूत्र 

Bhaskar Hindi
Update: 2017-10-08 12:59 GMT
किन्नरों ने भी मनाया चौथ, रखा व्रत और पहना मंगलसूत्र 

डिजिटल डेस्क, नागपुर। किन्नर समुदाय पूरी शिद्दत के साथ हर त्यौहार मनाता है। इस बार किन्नरों ने करवा चौथ भी मनाया। विद्या के मुताबिक करवा चौथ को लेकर सभी बहुत ‘एक्साइटेड’ होते हैं। मेहंदी लगवाने से लेकर शॉपिंग में भी पीछे नहीं रहते। घर में कई तरह के पकवान बनाते हैं। करवा चौथ के दौरान विधिवत निर्जला रहते हैं। साज-श्रृंगार, पूजन सामग्री, चांद का दीदार सहित सारे नियमों का पालन करते हैं, ताकि कोई गलती न हो।

सिंदूर और मंगलसूत्र पहनते हैं किन्नर

रीना ने बताया कि गुरु और प्रेमी के नाम का सिंदूर लगाने के साथ ही किन्नर मंगलसूत्र पहनते हैं। इसलिए करवा चौथ मनाना भी आवश्यक मानते हैं। करवा चौथ की एक रात पहले ‘सरगी’ कर सोते हैं और चौथ के पूरे दिन व्रत रखते हैं। शाम को गुरु का चेहरा देखने और चंद्रदर्शन के बाद ही पानी पीते हैं। सभी एक घेरे में सामान्य महिलाओं की तरह पूजा करते हैं।

सभी त्योहार मनाते हैं 

उत्तम बाबा ने बताया कि करवा चौथ का दिन उनके लिए बहुत खास होता है। वो भी आम इंसान की तरह हैं, उनके भी दिल में किसी के लिए प्यार होता है। उसकी ही लंबी उम्र के लिए व्रत करते हैं। 

साज-श्रृंगार के साथ पूजा

विद्या ने बताया कि अपने ‘पार्टनर’ के लिए उन्होंने करवा चौथ का व्रत रखा। वो भी आम महिलाओं की तरह पूरे साज-श्रृंगार के साथ चांद की पूजा कर रही हैं। उनके अलावा कई किन्नरों ने अपने ‘गुरु’ के लिए व्रत रखा है।

Similar News