लोकसभा चुनाव 2024: छठे चरण का चुनाव आज, 58 सीटों पर 11.13 करोड़ मतदाताओं के हाथ में 889 उम्मीदवारों की किस्मत

छठे चरण का चुनाव आज, 58 सीटों पर 11.13 करोड़ मतदाताओं के हाथ में 889 उम्मीदवारों की किस्मत
  • 889 उम्मीदवारों की किस्मत का आज होगा फैसला
  • छठे चरण का चुनाव आज
  • 58 सीटों पर सुबह सात बजे से होगी वोटिंग

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारत चुनाव आयोग आज होने वाले लोकसभा चुनाव के छठे चरण के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। आठ राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों के 58 सीटों पर मतदान होना है। इस चरण में हरियाणा और राष्‍ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली में मतदान होगा। बिहार, झारखंड, जम्मू और कश्मीर, ओडिशा, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल और ऐसे अन्य राज्य/केंद्र शासित प्रदेश हैं, जहां इस चरण में मतदान जारी होने वाले हैं। ओडिशा राज्य विधानसभा के 42 विधानसभा क्षेत्रों के लिए भी साथ-साथ मतदान होगा।

संबंधित सीईओ और राज्य की मशीनरी को निर्देश दिया गया है कि मतदान केंद्रों पर मतदाताओं के स्वागत के लिए पर्याप्त छाया, पीने का पानी, रैंप, शौचालय और अन्य बुनियादी सुविधाओं को तैयार करें ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि मतदान आरामदायक और सुरक्षित वातावरण में हो। मतदान पार्टियों को मशीनों और चुनाव सामग्री के साथ उनके संबंधित मतदान केंद्रों पर भेज दिया गया है।

मतदान के अंतिम चरण यानी 7वें चरण में शेष 57 सीटों पर मतदान 1 जून को होगा और वोटों की गिनती 4 जून को होगी। आम चुनाव के पहले पांच चरणों में 25 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों और 428 संसदीय क्षेत्रों के लिए मतदान सुचारू और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गए हैं।

इन राज्यों में होगी वोटिंग

छठे चरण में बिहार की 8, हरियाणा की 10, जम्मू-कश्मीर की 1, झारखंड की 4, दिल्ली की 7, ओडिशा की 6, उत्तर प्रदेश की 14 और पश्चिम बंगाल की 8 सीटों पर मतदान होगा। इन सभी सीटों पर कुल 889 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। इनमें हरियाणा में सबसे ज्यादा 223 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। वहीं, जम्मू-कश्मीर में सबसे कम 20 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं।

अधिकांश जगहों पर सुबह सात बजे से शाम के छह बजे तक वोटिंग होगी। हालांकि, कुछ जगहों पर समय में थोड़ा बदलाव किया गया है। ऐसे में आइए जानते हैं कि 25 मई को किस राज्य की कितनी सीटों पर वोटिंग होने वाली है। साथ ही, यह भी जानते हैं कि किस राज्य में कितने प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं।

छठे चरण की खास बातें

  1. आम चुनाव 2024 के छठे चरण के लिए मतदान 25 मई, 2024 को 8 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों के 58 संसदीय निर्वाचन क्षेत्रों (सामान्य- 49; एसटी- 02; एससी- 07) के लिए होगा। मतदान सुबह 7 बजे शुरू होगा और मतदान समाप्ति का समय संसदीय क्षेत्रों के अनुसार अलग-अलग हो सकता है।
  2. ओडिशा विधानसभा के 42 विधानसभा क्षेत्रों (सामान्य-31; एसटी-05; एससी-06) के लिए भी साथ-साथ मतदान होगा।
  3. लगभग 11.4 लाख मतदान अधिकारी 1.14 लाख मतदान केंद्रों पर 11.13 करोड़ से अधिक मतदाताओं का स्वागत करेंगे।
  4. कुल 11.13 करोड़ से अधिक मतदाताओं में 5.84 करोड़ पुरुष, 5.29 करोड़ महिलाएं और 5120 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं।
  5. छठे चरण के लिए 8.93 लाख से अधिक पंजीकृत 85 वर्ष से अधिक आयु के मतदाता, 100 वर्ष से अधिक आयु के 23,659 मतदाता और 9.58 लाख दिव्यांग मतदाता हैं, जिन्हें अपने घर से ही मतदान करने का विकल्प दिया गया है। वैकल्पिक होम वोटिंग सुविधा को पहले से ही जबरदस्त प्रशंसा और प्रतिक्रिया मिल रही है।
  6. सुरक्षाकर्मियों को आने-जाने के लिए 20 विशेष रेलगाड़ियां तैनात की गईं।
  7. 184 पर्यवेक्षक (66 सामान्य पर्यवेक्षक, 35 पुलिस पर्यवेक्षक, 83 व्यय पर्यवेक्षक) मतदान से कुछ दिन पहले ही अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों में पहुंच चुके हैं। वे आयोग की आंख और कान के रूप में कार्य कर रहे हैं ताकि अधिक से अधिक सतर्कता बरती जा सके। इसके अतिरिक्त, कुछ राज्यों में विशेष पर्यवेक्षकों को भी तैनात किया गया है।
  8. मतदाताओं को दिए जाने वाले किसी भी प्रकार के प्रलोभन से सख्ती और तेजी से निपटने के लिए कुल 2222 उड़न दस्ते, 2295 स्थैतिक निगरानी दल, 819 वीडियो निगरानी दल और 569 वीडियो अवलोकन दल चौबीसों घंटे निगरानी कर रहे हैं।
  9. कुल 257 अंतर्राष्ट्रीय सीमा चौकियां और 927 अंतर-राज्यीय सीमा चौकियां शराब, ड्रग्स, नकद राशि और मुफ्त उपहारों के किसी भी अवैध प्रवाह पर कड़ी निगरानी रख रही हैं। इसके साथ-साथ समुद्री और हवाई मार्गों पर कड़ी निगरानी रखी गई है।
  10. पानी, शेड, शौचालय, रैम्प, स्वयंसेवक, व्हीलचेयर और बिजली जैसी सुनिश्चित और न्यूनतम सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि बुजुर्गों और विकलांग व्यक्तियों सहित प्रत्येक मतदाता बड़ी आसानी से अपना वोट डाल सके।

इन राज्यों में चुनाव

दिल्ली-

चांदनी चौक, उत्तर पूर्वी दिल्ली, पूर्वी दिल्ली, नई दिल्ली, उत्तर पश्चिम दिल्ली, पश्चिमी दिल्ली, दक्षिणी दिल्ली

हरियाणा-

अंबाला, कुरूक्षेत्र, सिरसा, हिसार, करनाल, सोनीपत, रोहतक, भिवानी-महेंद्रगढ़, गुड़गांव, फरीदाबाद

उत्तर प्रदेश-

सुल्तानपुर, प्रतापगढ़, फूलपुर, इलाहाबाद, अम्बेडकर नगर, श्रावस्ती, डुमरियागंज, बस्ती, संत कबीर नगर, लालगंज, आज़मगढ़, जौनपुर, मछलीशहर, भदोही

बिहार-

वाल्मीकि नगर, पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, शिवहर, वैशाली, गोपालगंज (SC), सीवान, महाराजगंज

झारखंड-

गिरिडीह, धनबाद, रांची, जमशेदपुर

पश्चिम बंगाल-

तमलुक, कांथी, घाटल, झाड़ग्राम, मेदिनीपुर, पुरुलिया, बांकुरा, बिष्णुपुर

ओडिशा-

भुवनेश्वर, पुरी, ढेंकनाल, क्योंझर (SC), कटक, संबलपुर

जम्मू कश्मीर-

अनंतनाग-राजौरी

आयोग ने मतदाताओं से मतदान केंद्रों पर अधिक से अधिक संख्या में आने और जिम्मेदारी तथा गर्व के साथ मतदान करने का आह्वान किया है। दिल्ली, गुड़गांव, फरीदाबाद जैसे शहरी केंद्रों में रहने वाले मतदाताओं को विशेष रूप से मतदान करने के उनके अधिकार और कर्तव्य के बारे में स्‍मरण कराया गया है और उनसे शहरी उदासीनता की प्रवृत्ति को छोड़ने के लिए भी कहा गया है।

Created On :   24 May 2024 6:30 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story