लोकसभा चुनाव 2024: छठे चरण में दांव पर 850 से ज्यादा उम्मीदवारों की किस्मत, देखें किन सीटों पर होंगे चुनाव

छठे चरण में दांव पर 850 से ज्यादा उम्मीदवारों की किस्मत, देखें किन सीटों पर होंगे चुनाव
  • 25 मई को होगा छठे चरण का चुनाव
  • 8 राज्यों की 58 सीटों पर होंगे चुनाव
  • दिल्ली की सभी सीटों पर 25 मई को मतदान

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश में छठे चरण का मतदान 25 मई को है। जिनमें आठ राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की कुल 58 लोकसभा सीटें शामिल हैं। इस दौरान बिहार की 8, हरियाणा की 10, जम्मू-कश्मीर की 1, झारखंड की 4, दिल्ली की 7, ओडिशा की 6, उत्तर प्रदेश की 14 और पश्चिम बंगाल की 8 सीटों पर मतदान होगा। इन सभी सीटों पर कुल 889 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। इनमें हरियाणा में सबसे ज्यादा 223 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। वहीं, जम्मू-कश्मीर में सबसे कम 20 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं।

अधिकांश जगहों पर सुबह सात बजे से शाम के छह बजे तक वोटिंग होगी। हालांकि, कुछ जगहों पर समय में थोड़ा बदलाव किया गया है। ऐसे में आइए जानते हैं कि 25 मई को किस राज्य की कितनी सीटों पर वोटिंग होने वाली है। साथ ही, यह भी जानते हैं कि किस राज्य में कितने प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं।

उत्तर प्रदेश में 14 सीटों पर होगा मतदान

छठे चरण में उत्तर प्रदेश की 14 सीटों पर चुनाव होने वाले हैं। जिनमें सुल्तानपुर, प्रतापगढ़, फूलपुर, इलाहाबाद, अंबेडकरनगर, श्रावस्ती, डुमरियागंज, बस्ती, संत कबीर नगर, लालगंज, आजमगढ़, जौनपुर, मछलीशहर और भदोही लोकसभा सीट शामिल हैं। इन सीटों पर सुबह सात बजे से शाम के छह बजे तक मतदान होंगे। इन सीटों पर कुल 162 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं।

बिहार की आठ सीटों पर होंगे चुनाव

बिहार की आठ सीटों पर भी 25 मई को चुनाव होंगे। जिसमें 86 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। बिहार की जिन सीटों पर छठे चरण में चुनाव होने हैं, उनमें वाल्मीकिनगर, पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, शिवहर, वैशाली, गोपालगंज, सिवान और महाराजगंज सीट शामिल हैं।

वाल्मीकिनगर विधानसभा क्षेत्र के 29 मतदान केंद्रों पर सुबह सात से शाम चार बजे तक वोटिंग होगी। बाकी सभी मतदान केंद्रों पर सुबह सात से शाम छह बजे तक मतदान प्रक्रिया जारी रहेगी। इसके अलावा अन्य लोकसभा क्षेत्रों में सुबह सात से शाम छह बजे तक वोटिंग जारी रहेगी।

दिल्ली की सभी सात सीटों पर चुनाव

दिल्ली की सभी सात सीटों पर 25 मई को चुनाव होंगे। जिनमें उत्तर पूर्वी दिल्ली, चांदनी चौक, उत्तर पश्चिम दिल्ली, नई दिल्ली सीट, पूर्वी दिल्ली, दक्षिणी दिल्ली और पश्चिमी दिल्ली लोकसभा सीट शामिल हैं। इन सभी सीटों पर सुबह सात से शाम छह बजे तक मतदान होगा। यहां कुल 162 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं।

हरियाणा 10 सीटों पर होगा मतदान

हरियाणा की सभी 10 लोकसभा सीटों पर 25 मई को मतदान होगा। जिनमें अंबाला, कुरुक्षेत्र, सिरसा, हिसार, करनाल, सोनीपत, रोहतक, भिवानी-महेंद्रगढ़, गुड़गांव और फरीदाबाद लोकसभा सीट शामिल हैं। यहां कुल 223 प्रत्याशी की किस्मत दांव पर लगी हुई है। वोटिंग सुबह सात से शाम छह बजे तक होगी।

जम्मू-कश्मीर की 1 सीट पर चुनाव

जम्मू-कश्मीर की एक सीट अनंतनाग-राजौरी लोकसभा क्षेत्र में छठे चरण में चुनाव होने वाले हैं। पहले इस सीट पर तीसरे चरण में चुनाव होने वाले थे। लेकिन मौसम की वजह से मतदान को छठे चरण में शिफ्ट किया गया है। ऐसे में अब इस सीट पर भी 25 मई को मतदान होगा। यहां कुल 20 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।

झारखंड में 93 प्रत्याशी चुनाव मैदान में

झारखंड की चार सीट पर 25 को मतदान होने वाले हैं। जिनमें गिरिडीह, धनबाद, रांची और जमशेदपुर लोकसभा सीट शामिल हैं। इन सीटों पर कुल 93 प्रत्याशी चुनावी लड़ रहे हैं। यहां सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक मतदान होगा।

ओडिशा की छह सीटों पर वोटिंग

छठे चरण में ओडिशा की छह सीटों पर चुनाव होने वाले हैं। जिनमें संबलपुर, क्योंझार, ढेंकानाल, कटक, पुरी, भुवनेश्वर लोकसभा सीट शामिल हैं। कुल 64 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। संबलपुर की कुचिंदा और रैराखोल विधानसभा में सुबह सात से शाम चार बजे तक और देवगढ़ विधानसभा में सात बजे से शाम पांच बजे तक वोटिंग होगी। इसके अलावा अन्य लोकसभा सीटों पर सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक वोटिंग होनी है।

पश्चिम बंगाल की आठ सीटों पर चुनाव

पश्चिम बंगाल के तामलुक, कांथी, घाटल, झाड़ग्राम, मेदिनीपुर, पुरुलिया, बंकुरा, बिशनुपुर लोकसभा सीट पर भी इसी चरण में वोटिंग होगी। इन सभी सीटों पर सुबह सात से शाम छह बजे तक मतदान होगा। यहां कुल 79 प्रत्याशी हैं।

Created On :   23 May 2024 3:20 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story