मौसम अलर्ट: अभी और जारी रहेगा गर्मी का सितम, राजस्थान में 8 की मौत, मध्यप्रदेश में लू का अलर्ट

Bhaskar Hindi
Update: 2024-05-24 12:15 GMT

डिजिटल डेस्क, भोपाल। इस समय देश के कई हिस्सों में गर्मी सितम ढा रही है। पारा 40 से 46 तक पहुंच गया है। इस बीच मौसम विभाग ने बताया है कि राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली समेत हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश और गुजरात राज्य में आने वाले 5 दिन ऐसा ही मौसम बना रहेगा। विभाग ने यहां लू का रेड अलर्ट जारी किया है। गर्मी का सबसे ज्यादा असर राजस्थान में है। यहां गुरुवार को हीटवेव के चलते 8 लोगों की मौत हो गई है। वहीं यहां के जैसलमेर से सटे भारत-पाकिस्तान सीमा के इलाके में पारा 50 डिग्री के पार रिकॉर्ड किया गया।

गहराया जल संकट, बढ़ी बिजली की डिमांड

बढ़ती गर्मी से देश के कई हिस्सों में जल संकट गहरा गया है। केंद्रीय जल आयोग के मुताबिक, बीते सात दिनों में देश के कई प्रमुख जलाशयों में पानी का लेवल पिछले 5 सालों में सबसे नीचे पहुंच गया है। जिससे दक्षिण भारत समेत देश के कई हिस्सों में पानी की सप्लाई पर बुरा असर पड़ा है। वहीं बात करें बिजली की तो भीषण गर्मी का असर बिजली की मांग पर भी पड़ा है। बिजली मंत्रालय के मुताबिक, देश में बिजली की डिमांड गुरुवार को 237 गीगावाइट पहुंच गई है, जो कि इस सीजन में सबसे ज्यादा है।

सब्जियां और दालें हुई महंगी

हीट वेव के चलते सब्जियों और दालों की की कीमतों में जबरदस्त बढ़ोतरी हुई है। आलू, टमाटर और प्याज जैसे सब्जियों की कीमत बढ़ने से आम आदमी की जेब पर बुरा असर पड़ा है। सब्जी, दाल और अनाज की कीमतें बढ़ने से खाद्य महंगाई दर जो कि मार्च में 8.5 थी वो अप्रैल में बढ़कर 8.7% हो गई। विशेषज्ञों के मुताबिक खाने पीने की वस्तुओं की कीमतों में कमी होने के अभी कोई चांसेज नहीं हैं क्योंकि हीटवेव की वजह से जल्दी खराब होने वाली चीजों के दाम बढ़ने की संभावना है।

मध्यप्रदेश में लू का अलर्ट

हीटवेव की वजह से मध्यप्रदेश भी भीषण गर्मी से तप रहा है। राज्य के कई स्थानों पर तापमान 44 से 47 डिग्री सेल्सियस तक रिकॉर्ड किया गया है। गुरुवार को प्रदेश का सबसे गर्म स्थान गुना रहा, यहां अधिकतम तापमान 46.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने शनिवार को प्रदेश के ग्वालियर, मुरैन, श्योपुरकलां, भिंड, शिवपुरी, दतिया, निवाड़ी, रतलाम और धार में लू का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं नीमच, मंदसौर, झाबुआ, अलीराजपुर, बड़वानी, खरगोन, खंडवा, आगर-मालवा, राजगढ़, शाजापुर, सीहोर, गुना, अशोकनगर, टीकमगढ़, छतरपुर,दमोह, पन्ना, सतना, कटनी, मैहर, रीवा, मऊगंज, सीधी और सिंगरौली में लू का यलो अलर्ट जारी किया है।

Tags:    

Similar News