आईएएनएस न्यूज प्वाइंट: कांग्रेस ने भूपेश बघेल को रायबरेली व अशोक गहलोत को अमेठी का बनाया आब्जर्वर

कांग्रेस पार्टी ने अमेठी और रायबरेली संसदीय सीटों पर कांग्रेस के दो पूर्व मुख्यमंत्रियों को बतौर सीनियर आब्जर्वर नियुक्त किया है। इस निर्णय के अंतर्गत कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने रायबरेली सीट पर छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और अमेठी सीट पर राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को सीनियर ऑब्जर्वर बनाया है।

IANS News
Update: 2024-05-06 08:28 GMT

नई दिल्‍ली, 6 मई (आईएएनएस)। कांग्रेस पार्टी ने अमेठी और रायबरेली संसदीय सीटों पर कांग्रेस के दो पूर्व मुख्यमंत्रियों को बतौर सीनियर आब्जर्वर नियुक्त किया है। इस निर्णय के अंतर्गत कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने रायबरेली सीट पर छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और अमेठी सीट पर राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को सीनियर ऑब्जर्वर बनाया है।

गौरतलब है कि कांग्रेस पार्टी के नेता राहुल गांधी उत्तर प्रदेश की रायबरेली सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं अमेठी संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस पार्टी ने किशोरी लाल शर्मा को अपना उम्मीदवार बनाया है।

अमेठी और रायबरेली लोकसभा सीटों पर लंबे समय से नेहरू-गांधी परिवार के सदस्य लोकसभा चुनाव लड़ते रहे हैं। राजनीतिक हलकों में इन सीटों को गांधी-नेहरू परिवार के गढ़ के रूप में भी देखा जाता है। हालांकि इस बार कांग्रेस पार्टी ने अमेठी संसदीय सीट से गैर नेहरू-गांधी परिवार वाले व्यक्ति को अपना उम्मीदवार बनाया है।

अमेठी सीट से उम्मीदवार बनाए गए किशोरी लाल शर्मा को पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी का करीबी माना जाता है। सोनिया गांधी जब रायबरेली से सांसद थी, तब से किशोरी लाल शर्मा रायबरेली सीट पर सांसद प्रतिनिधि के रूप में काम करते रहे हैं। रायबरेली और अमेठी दोनों ही संसदीय क्षेत्रों में 20 मई को मतदान होना है। राहुल गांधी ने रायबरेली सीट से और किशोरी लाल शर्मा अमेठी से अपना नामांकन दाखिल कर दिया है।

वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में राहुल गांधी अमेठी सीट से चुनाव लड़े थे। लेकिन तब केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी से मुकाबले में उन्हें हार का मुंह देखना पड़ा था। इसके साथ ही राहुल गांधी केरल की वायनाड सीट से भी चुनाव लड़े थे जहां से जीत कर वह संसद पहुंचे। राहुल गांधी ने इस बार भी वायनाड सीट से भी चुनाव लड़ा है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Similar News