लोकसभा चुनाव 2024: सीएम अरविंद केजरीवाल को अंतरिम राहत, आम आदमी पार्टी के नेताओं ने फैसले का किया स्वागत

दिल्ली शराब घोटाला मामले में जेल में बंद मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को सुप्रीम कोर्ट से अंतरिम जमानत मिल गई। कोर्ट ने सीएम केजरीवाल को 1 जून तक अंतरिम जमानत दी है। इस फैसले के बाद केजरीवाल शुक्रवार की देर शाम जेल से बाहर आ गए। अदालत के फैसले पर आम आदमी पार्टी के नेताओं ने भी खुशी जताई है।

IANS News
Update: 2024-05-10 14:37 GMT

नई दिल्ली, 10 मई (आईएएनएस)। दिल्ली शराब घोटाला मामले में जेल में बंद मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को सुप्रीम कोर्ट से अंतरिम जमानत मिल गई। कोर्ट ने सीएम केजरीवाल को 1 जून तक अंतरिम जमानत दी है। इस फैसले के बाद केजरीवाल शुक्रवार की देर शाम जेल से बाहर आ गए। अदालत के फैसले पर आम आदमी पार्टी के नेताओं ने भी खुशी जताई है।

आम आदमी पार्टी (आप) के राज्यसभा सांसद राघव चड्डा ने एक्स पर पोस्ट किया, "हर देशवासी की आंखें खुशी से नम हैं, उनके भाई, उनके बेटे अरविंद केजरीवाल जेल से बाहर आने वाले हैं। आज शाम जेल के ताले टूटेंगे, केजरीवाल छूटेंगे। लोकतंत्र की रक्षा करने के लिए माननीय सुप्रीम कोर्ट का दिल की गहराइयों से आभार। इंकलाब जिंदाबाद, अरविंद केजरीवाल जिंदाबाद!"

आम आदमी पार्टी की प्रवक्ता रीना गुप्ता ने कहा कि इस फैसले के बाद कार्यकर्ताओं में खुशी का माहौल है। झूठे केस में सीएम केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद हम सब बहुत दुखी थे। उनका जेल से बाहर आना इंडिया गठबंधन की एक बड़ी जीत है। सभी सीटों पर होने वाले चुनाव में इसका पॉजिटिव असर पड़ेगा। दिल्ली की अगर हम बात करें तो सभी सात सीटों पर इंडिया गठबंधन की जीत होगी। भाजपा के पास बोलने के लिए अब कुछ बचा ही नहीं है। केंद्र सरकार के वकील ने कोर्ट में जमानत को रोकने की पूरी कोशिश की। लेकिन, कोर्ट ने उन्हें रिहा कर दिया।

आम आदमी पार्टी के विधायक संजीव झा ने कहा कि हमारे लिए खुशी का दिन है। पूरे देश का राहत देने वाला दिन है। मैं कोर्ट का धन्यवाद करता हूं, पीएम मोदी की तानाशाही का अंत सीएम केजरीवाल के हाथों होगा, यह तय हो गया है। केजरीवाल की आवाज हर चरण के चुनाव में सभी लोगों के घरों तक पहुंचेगी।

आप सांसद संजय सिंह ने कहा कि सत्य परेशान हो सकता है, पराजित नहीं। सुप्रीम कोर्ट का ऐतिहासिक फैसला आया है, सीएम केजरीवाल को चुनाव प्रचार के लिए अंतरिम राहत मिल गई है, जो स्वागतयोग्य फैसला है। देश भर में एक सकारात्मक वातावरण बनेगा, भाजपा के अन्याय, अत्याचार और तानाशाही का अंत होगा और देश अरविंद केजरीवाल का कमाल देखेगा।

दिल्ली सरकार में मंत्री सौरभ भारद्वाज ने कहा, "अरविंद केजरीवाल शेर हैं। इनके दहाड़ने से सबसे ज्यादा परेशानी भाजपा को होती है। केजरीवाल अब एक घायल शेर हैं, अब वह और जोर से दहाड़ेंगे। उनकी दहाड़ से भाजपा को नुकसान होगा, वह दिल्ली में दहाड़ेंगे और महाराष्ट्र में भाजपा को नुकसान होगा। इस चुनाव में भाजपा को बड़ा नुकसान होने जा रहा है, मुझे लगता है कि देश में भाजपा की सरकार अब कभी नहीं बनेगी।"

दूसरी तरफ दिल्ली कांग्रेस प्रभारी दीपक बावरिया ने कहा, "कोर्ट का फैसला भाजपा की तानाशाही पर एक ब्रेक है। देशभर से भाजपा सरकार की विदाई होने जा रही है।"

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Similar News