राहुल गांधी होंगे गिरफ्तार: असम के सीएम हिमंत बिस्वा सरमा ने दिया बड़ा बयान, लोकसभा चुनाव के बाद गिरफ्तार होंगे राहुल गांधी

  • असम के सीएम हिमंत बिस्वा सरमाका बड़ा बयान
  • लोकसभा चुनाव के बाद गिरफ्तार होंगे राहुल गांधी
  • हिंसा भड़काने के आरोप में दर्ज हुई है एफआईआर

Shiv Pathak
Update: 2024-01-24 18:13 GMT

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। पिछले कुछ दिनों से असम में कांग्रेस नेता राहुल गांधी और मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के बीच एक अलग ही जंग छिड़ी हुई है। जहां एक ओर राहुल गांधी अपनी भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान सीएम सरमा पर लगातार बयानबाजी कर रहे हैं। वहीं दूसरी ओर मुख्यमंत्री सरमा भी पीछे हटने का नाम नहीं ले रहे हैं। दोनों की यह जंग अब बयानबाजी से आगे बढ़कर कानूनी बन चुकी है। क्योंकि बीते मंगलवार को सीएम सरमा के निर्देश के बाद राहुल गांधी समेत कई कांग्रेस नेताओं के खिलाफ असम में एफआईआर दर्ज किया गया है। अब एक बार फिर से इस मामले को लेकर असम के मुख्यमंत्री ने बड़ा बयान दिया है।

चुनाव के बाद राहुल गांधी होंगे गिरफ्तार

दरअसल, कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी समेत पार्टी के अन्य नेताओं के खिलाफ अपनी भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान प्रदेश में हिंसा भड़काने के आरोप में एफआईआर दर्ज की गई है। अब इस मामले को लेकर हिमंत बिस्व सरमा ने कहा, "हमने एफआईआर दर्ज कर ली है। एक विशेष जांच दल तफ्तीश करेगा और उन्हें (राहुल गांधी को) लोकसभा चुनाव के बाद गिरफ्तार किया जाएगा। हम अभी ऐसा करते हैं तो कांग्रेस इसे राजनीतिक बदले की भावना के तहत की गई कार्रवाई बोलेगी।"

सीएम ने दी थी एफआईआर की जानकारी

असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने मंगलवार देर रात को अपने ऑफिशियल एक्स (ट्विटर) अकाउंट से एक ट्वीट करके एफआईआर दर्ज किए जाने की जानकारी दी। उन्होंने कहा, "कांग्रेस सदस्यों द्वारा आज हिंसा, उकसावे, सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और पुलिस कर्मियों पर हमले के अनियंत्रित कृत्यों के संदर्भ में, राहुल गांधी, केसी वेणुगोपाल, कन्हैया कुमार और अन्य लोगों के खिलाफ धारा 120 (बी) 143/147 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। साथ ही उनपर 188/283/353/332/333/427 आईपीसी आर/डब्ल्यू सेक्शन और पीडीपीपी अधिनियम की धाराएं लगाई गई है।"

सीएम सरमा पर राहुल ने दिए कई बयान

गौरतलब है कि अपनी भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान राहुल गांधी असम के कई जगहों पर जा रहे हैं। यहां अपने अलग-अलग बयानों के जरिए राहुल मुख्यमंत्री सरमा पर लगातार निशाना साधते नजर आ रहे हैं। इस बीच उन्होंने सीएम सरमा को भ्रष्ट तक बताया है। साथ ही उन पर आरोप लगा रहे हैं कि सरमा के नेतृत्व में प्रदेश की हालत खराब हो गई है। जहां प्रदेश के युवाओं के पास नौकरी नहीं है और किसान भी परेशान है। यही नहीं उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश के लोग उनसे सीएम की शिकायत कर रहे हैं। इसके साथ ही लोग अमस की महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार के बारे में भी बता रहे हैं। राहुल ने आज ही अपनी कॉन्फ्रेंस में सीएम सरमा पर आरोप लगाया कि असम में उनकी यात्रा में लगातार बाधा डाली जा रही है।

Tags:    

Similar News