रांची में राजीव गांधी की प्रतिमा लगवाएंगे भाजपा के विधायक

Bhaskar Hindi
Update: 2023-07-11 07:59 GMT

डिजिटल डेस्क,  रांची। झारखंड के एक भाजपा विधायक भानु प्रताप शाही रांची के एक पार्क में कांग्रेस के दिवंगत नेता और पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की प्रतिमा लगवाएंगे। इसकी तैयारी कर ली गई है।

राजीव गांधी की आदमकद प्रतिमा भी बनकर तैयार है। भाजपा विधायक के दिवंगत पिता और राज्य के स्वास्थ्य मंत्री रहे हेमंत प्रताप शाही देहाती की यह इच्छा थी कि रांची के एचईसी इलाके में स्थित राजीन गांधी उद्यान में पूर्व प्रधानमंत्री की प्रतिमा लगे। वह प्रधानमंत्री रहते हुए राजीव गांधी द्वारा किए गए कार्यों से बेहद प्रभावित थे।

विधायक भानु प्रताप शाही ने कहा कि उनके पिता ने अपने जीवन काल में ही राजीव गांधी की प्रतिमा का निर्माण करवा लिया था, लेकिन इसे स्थापित करने के पहले ही उनका निधन हो गया। शाही के मुताबिक प्रतिमा स्थापित करने को लेकर कांग्रेस के मंत्री से बात हुई है। उनकी इच्छा है कि सबकी सहमति से एक तिथि निर्धारित कर राजीव गांधी की प्रतिमा स्थापित की जाए।

भाजपा के मुखर विधायक के रूप में पहचाने जाने वाले भानु प्रताप शाही राज्य के भवनाथपुर क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं। वह विधानसभा से लेकर सड़क तक कांग्रेस की नीतियों पर विरोध भी दर्ज कराते हैं।

उनका कहना है कि राजनीतिक विचारधारा अपनी जगह है। उनके पिता भी पूरे जीवन सक्रिय रूप से सिद्धांतों की राजनीति करते रहे, लेकिन पार्टी से ऊपर उठकर कई राजनीतिक दल के नेताओं को वह सम्मान देते रहे। उनके सपने को पूरा करने के लिए राजीव गांधी की प्रतिमा स्थापित करने में कोई आपत्ति नहीं है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Tags:    

Similar News