लोकसभा चुनाव 2024: सीएम एकनाथ शिंदे ने कल्याण सीट से बेटे को एक बार फिर बनाया प्रत्याशी, ठाणे से नरेश म्हस्के को मिला मौका

  • शिवसेना ने दो सीटों पर उतारे उम्मीदवार
  • कल्याण सीट से सीएम शिंदे के बेटे को टिकट
  • ठाणे सीट से नरेश म्हस्के को टिकट

Ritu Singh
Update: 2024-05-01 06:36 GMT

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव 2024 के लिए महाराष्ट्र के दो लोकसभा सीटों पर शिवसेना प्रमुख और सीएम एकनाथ शिंदे ने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। महाराष्ट्र के कल्याण और ठाणे लोकसभा सीटों से उम्मीदवार का ऐलान किया गया है। कल्याण लोकसभा सीट से एकनाथ शिंदे के बेटे और सांसद श्रीकांत शिंदे को एक बार फिर प्रत्याशी बनाया गया है। वहीं ठाणे लोकसभा सीट से नरेश मह्स्के को चुनावी मैदान में उतारा गया है। बता दें कि कल्याण और ठाणे, दोनों ही लोकसभा सीट पर 20 मई को वोटिंग होगी।

इनके साथ होगा मुकाबला

ठाणे लोकसभा सीट पर महाविकास अघाड़ी ने राजन विचारे को प्रत्याशी बनाया है, वहीं कल्याण लोकसभा क्षेत्र से शिवसेना (यूबीटी) ने अपना उम्मीदवार उतारा है। उद्धव ठाकरे ने कल्याण लोकसभा सीट से वैशाली दरेकर को अपना उम्मीदवार बनाया है। ठाणे सीट पर राजन विचारे और नरेश मह्स्के आमने-सामने होंगे, वहीं कल्याण सीट पर शिवसेना (शिंदे गुट) बनाम शिवसेना (यूबीटी) देखने को मिलेगा। कल्याण सीट पर सीएम एकनाथ शिंदे के बेटे और सांसद श्रीकांत शिंदे का मुकाबला वैशाली दरेकर से होगा।

डॉक्टर हैं श्रीकांत शिंदे

सीएम एकनाथ शिंदे के बेटे श्रीकांत शिंदे ने अपने चुनावी सफर की शुरूआत कल्याण लोकसभा सीट से ही की थी। 2014 में उन्होंने पहली बार कल्याण लोकसभा सीट ने ही चुनाव लड़ा था। 2014 में जीत हासिल करने के बाद अगले लोकसभा चुनाव में उन्होंने फिर से इसी सीट से चुनाव लड़ा था। लोकसभा चुनाव 2019 में भी श्रीकांत शिंदे को सफलता मिली थी। अब एक बार फिर 2024 में भी उन्हें कल्याण लोकसभा सीट से ही उम्मीदवार बनाया गया है। इसके अलावा श्रीकांत एक क्वालिफाइड डॉक्टर भी हैं। उन्होंने नवी मुंबई स्थित डॉ. डी वाई पाटिल मेडिकल कॉलेज से एमबीबीएस और ऑर्थोपेडिक्स में एम. एस. की डिग्री हासिल की है।

Tags:    

Similar News