राकेश दौलताबाद का निधन: हरियाणा के निर्दलीय विधायक का निधन, हार्ट अटैक बनी बड़ी वजह, क्या संकट में चल रही सैनी सरकार पर पड़ेगा असर?

हरियाणा के निर्दलीय विधायक का निधन, हार्ट अटैक बनी बड़ी वजह, क्या संकट में चल रही सैनी सरकार पर पड़ेगा असर?
  • सैनी सरकार पहले से राज्य में चल रही है संकट में
  • हाल ही में तीन निर्दलीय विधायकों ने कांग्रेस को दिया था समर्थन
  • बहुमत से बीजेपी के पास दो सीट कम!

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। हरियाणा के निर्दलीय विधायक राकेश दौलताबाद का शनिवार सुबह में निधन हो गया। वह गुरुग्राम की बादशाहपुर विधानसभा सीट से निर्दलीय विधायक थे।। 45 वर्षीय राकेश दौलताबाद को शनिवार सुबह में अचानक हार्ट अटैक आया। जिसके बाद उन्हें आनन-फानन में अस्पताल लेकर जाया गया। जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। निर्दलीय विधायक की मौत की खबर सुनते ही उनके समर्थकों में शोक की लहर दौड़ पड़ी है। युवा विधायक होने के चलते वह अपने क्षेत्र में युवाओं के बीच काफी ज्यादा लोकप्रिय थे।

राकेश दौलताबाद के राज्य के बड़े नेताओं के साथ अच्छे संबंध थे। 2019 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने बादशाहपुर विधानसभा सीट से जीत दर्ज की। इसके बाद उन्होंने अपना समर्थन बीजेपी को दिया।

बता दें कि, सात मई को हरियाणा में तीन निर्दलीय विधायकों ने कांग्रेस को अपना समर्थन दिया था। जिसके बाद से ही सैनी सरकार राज्य में बहुमत खो चुकी है। इधर, निदर्लीय विधायक के निधन के बाद हरियाणा विधानसभा में मौजूदा स्ट्रेंथ 87 बचा है। राज्य में बहुमत के लिए 44 विधायक चाहिए। वहीं, बीजेपी सरकार के पास अब 40 विधायक बचे हैं।

हरियाणा विधानसभा में मौजूदा स्थिति

मौजूदा विधायक- 87

बहुमत के लिए- 44 विधायक

सरकार के पास- 42 विधायक

बीजेपी- 40

कांग्रेस- 30

जेजेपी- 10

निर्दलीय- 5

विपक्ष के पास क्या बचा है विकल्प?

हरियाणा में कांग्रेस के पास 30 विधायक हैं। वहीं, 3 निर्दलीय विधायकों ने भी कांग्रेस का अपना समर्थन दे दिया था। लेकिन, राज्य में 10 विधायक जेजेपी के पास है और एक विधायक INLD का है। वहीं, एक और निर्दलीय विधायक है। जो कांग्रेस को अपना समर्थन दे सकता है। अगर ये सभी एक साथ आते हैं तो राज्य में कांग्रेस सरकार की वापसी हो सकती है। हालांकि, हाल ही में मनोहर लाल खट्टर ने राज्य में सीएम पद से इस्तीफा दिया था। इसके बाद बीजेपी ने 12 मार्च 2024 को नायब सैनी को राज्य का मुख्यमंत्री बनाया। इस दौरान हरियाणा विधानसभा में फ्लोर टेस्ट हुआ था। नियम के मुताबिक, अगले छह महीने बाद ही राज्य में फ्लोर टेस्ट हो सकता है। बता दें कि, नवबंर में राज्य में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं।

पीएम मोदी व्यक्त किया शोक

निर्दलीय विधायक के निधन की खबर सुनने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया एक्स के जरिए शोक व्यक्त किया। पीएम मोदी ने कहा, ‘हरियाणा के विधायक राकेश दौलताबाद जी के आकस्मिक निधन से अत्यंत दुख हुआ है। अपनी मेहनत और लगन से उन्होंने बहुत ही कम उम्र में लोगों के बीच एक अलग पहचान बनाई थी। उनका जाना प्रदेश की राजनीति के लिए एक बड़ा नुकसान है। ईश्वर शोक की इस घड़ी में उनके परिजनों और समर्थकों को संबल प्रदान करे। ओम शांति!’

आहत और स्तब्ध हूं- सीएम सैनी

हरियाणा के मुख्यमंत्री मुख्यमंत्री नायब सैनी ने राकेश दौलताबाद के असमय निधन पर शोक व्यक्त किया है। सीएम सैनी ने सोशल मीडिया पोस्ट पर लिखा, ‘बादशाहपुर के विधायक और विधानसभा में प्रमुख सहयोगी रहे राकेश दौलताबाद जी के आकस्मिक निधन से आहत और स्तब्ध हूं। राकेश जी के अचानक चले जाने से हरियाणा की राजनीति में एक शून्यता आई है। ईश्वर उन्हें अपने श्री चरणों में स्थान दें। परिवारजनों और समर्थकों को दु:ख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति।’

राज्य बड़े नेताओं व्यक्त किया शोक

हरियाणा बीजेपी के पूर्व अध्यक्ष ओपी धनखड़ ने भी दौलताबाद के निधन पर शोक व्यक्त किया, ‘बादशाहपुर के विधायक राकेश दौलताबाद का हृदयाघात से आकस्मिक निधन का दुखद समाचार मिला, स्तब्ध हूं। भावपूर्ण श्रद्धांजलि, परमपुरुष उन्हें अपने चरणों में स्थान दें और परिजनों को उनके अभाव को सहन करने का सामर्थ्य प्रदान करे।’ इसके अलावा राज्य के अन्य बड़े नेताओं ने भी शोक व्यक्त किया।

Created On :   25 May 2024 1:41 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story