लोकसभा चुनाव 2024: 'अपनी असलियत दिखा रहे हैं...', प्रधानमंत्री के भाषण पर प्रियंका गांधी ने किया हमला

अपनी असलियत दिखा रहे हैं..., प्रधानमंत्री के भाषण पर प्रियंका गांधी ने किया हमला
  • गोरखपुर में अखिलेश और प्रियंका ने जनसभा को किया संबोधित

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने शनिवार को उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उनके साथ समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव भी मौजूद रहे। जनसभा को संबोधित करते हुए प्रियंका गांधी ने केंद्र सरकार और खासकर पीएम मोदी पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी गरीब और किसान विरोधी सरकार चला रहे हैं। देश के किसान कर्ज लेकर खेती करते हैं, लेकिन जब चुका नहीं पाते, तो मजबूरन आत्महत्या कर लेते हैं। लेकिन नरेंद्र मोदी इसपर एक शब्द नहीं बोलते।

पीएम मोदी की भाषा शैली पर उठाए सवाल

प्रियंका गांधी ने कहा कि आज नरेंद्र मोदी जिस तरह के भाषण दे रहे हैं, विपक्ष के लिए जैसे शब्दों का प्रयोग कर रहे हैं। वे अपनी असलियत दिखा रहे हैं। पीएम मोदी, आप देश के प्रधानमंत्री हैं। अपनी आखों की शर्म मत खोने दीजिए।

कांग्रेस नेता ने आगे कहा कि आज बेरोजगारी और महंगाई सबसे बड़ी समस्या है, लेकिन नरेंद्र मोदी इस बारे में एक शब्द नहीं बोलते। इसलिए अब समय आ गया है कि हम पीएम मोदी को बेरोजगारी और महंगाई का मतलब समझाएं।

400 पार पर हमला

प्रियंका गांधी ने कहा कि बीजेपी के प्रत्याशी कहते हैं कि '400 पार' आने पर संविधान बदल देंगे और आरक्षण छीन लेंगे। वहीं, कांग्रेस पार्टी और इंडिया गठबंधन आपसे आपके मद्दों की बात करती है। हम आपको बताते हैं कि महंगाई और बेरोजगारी के खिलाफ क्या किया जाएगा। महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए हम क्या कदम उठाएंगे।

उन्होंने आगे कहा कि बीजेपी सरकार में कुशीनगर में 10 में 6 चीनी मिलें बंद हो गई। जहां व्यापार, रोजगार और लोगों के लिए सुविधाएं हैं, उन्हें बंद कराया गया है। पीएम मोदी ने सिर्फ अपने खरबपति मित्रों के लिए सरकार चलाई है। उनके 16 लाख करोड़ रुपये माफ कर दिए। इसलिए आप एक ऐसी सरकार लाइए, जो आपके लिए काम करके दिखाए।

अखिलेश यादव ने भी बोला हमला

वहीं, प्रियंका गांधी के साथ जनसभा को संबोधित करने पहुंचे अखिलेश यादव ने कहा कि ये देश के भविष्य का चुनाव है, संविधान को बचाने का चुनाव है। एक तरफ बीजेपी है जो संविधान को खत्म करना चाहती है, वहीं, दूसरी तरफ इंडिया गठबंधन है जो संविधान को बचाना चाहती है। उन्होंने कहा, "इस बार देश की जनता इनको 140 सीटों के लिए भी तरसा देगी, ये जो गुस्सा बढ़ता चला जा रहा है। ये सातवें चरण में जनता का गुस्सा सातवें आसमान में होगा।"

Created On :   25 May 2024 12:15 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story