लोकसभा चुनाव 2024: अरविंदर सिंह लवली के इस्तीफे से कन्हैया कुमार की उम्मीदवारी पर मंडराया संकट, कांग्रेस में भड़की विरोध की चिंगारी

  • कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष से अरविंदर सिंह लवली का इस्तीफा
  • कांग्रेस प्रत्याशी कन्हैया कुमार की उम्मीदावरी पर खतरा
  • दिल्ली उत्तर पूर्वी सीट पर पार्टी कार्यकर्ताओं का विरोध

Surbhit Singh
Update: 2024-04-28 11:38 GMT

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। कांग्रेस के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष पद से अरविंदर सिंह लवली ने रविवार को इस्तीफा दे दिया। इसी के साथ कांग्रेस में दरार के संकेत भी झलकना शुरू हो गए है। कांग्रेस में लवली के इस्तीफे से नाराज समर्थकों और कार्यकर्ताओं ने कन्हैया कुमार की उम्मदीवारी के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद कर दी है। कन्हैया की ओर इशारा करते हुए अरविंदर सिंह ने उनका विरोध किया है। उन्होंने कन्हैया को दिल्ली उत्तर पूर्वी लोकसभा सीट से टिकट मिलने पर उन्हें दिल्ली का बाहरी करार दिया है। लवली के चार पन्नों का पत्र सामने आने के बाद से ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कन्हैया कुमार का विरोध करना शुरू कर दिया है।

कन्हैया की दावेदारी को लेकर हो रहा विरोध 

सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस से टिकट मिलने के 15वें दिन बाद रविवार को कन्हैया कुमार अपनी पहली चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। इस दौरान दिल्ली के बाबरपुर क्षेत्र में चुनावी कार्यालय का उद्धाटन और कार्यकर्ताओं से संवाद कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में कांग्रेस समेत आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता भी शामिल होंगे। मगर, कन्हैया कुमार की पहली जनसभा होने के बीच उनकी दावेदारी के खिलाफ कांग्रेस में विरोध की चिंगारी भड़क गई है। कांग्रेस में दिल्ली उत्तर पूर्वी सीट पर कन्हैया का टिकट काटकर स्थानीय उम्मीदवार बनाने की मांग की जा रही है।

कुछ दिनों पहले ही कांग्रेस ने चुनावी कार्यालय के उद्धाटन का पोस्टर जारी किया है। पार्टी ने अपने पोस्टर में राहुल गांधी, अरविंद केजरीवाल और कन्हैया कुमार की फोटो लगाई है। इस पोस्टर में इन नेताओं के अलावा किसी भी नेता की फोटो नहीं नजर आ रही है। इस लेकर कांग्रेस के अंदरखाने तनातनी चल रही है। कुछ दिनों पहले कांग्रेस में भाजपा छोड़कर शामिल हुए उदित राज की उम्मीदवारी पर भी सवाल उठाए गए थे। उदित राज के खिलाफ कार्यकर्ताओं ने मोर्चा खुल दिया था। 

उदित राज का भी हुआ था विरोध

इसके लिए कांग्रेस के कार्यकर्ता दीन दयाल उपाध्याय मार्ग पर पहुंचे गए। उन्होंने कांग्रेस कार्यालय के बाहर उदित राज के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। साल 2014 के लोकसभा चुनाव में उदित राज ने भाजपा के टिकट पर उत्तर पश्चिम दिल्ली सीट पर जीत हासिल की थी। इसके बाद साल 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने उनका टिकट काट दिया था। इस बात से नाराज होकर उन्होंने कांग्रेस ज्वाइन कर ली थी।

दिल्ली उत्तर पूर्वी सीट पर कन्हैया की उम्मीदवारी को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ता राजेश राठौड़ ने बयान दिया। उन्होंने कहा कि इस सीट पर एक स्थानीय उम्मीदवार को ही चुनाव लड़ना चाहिए। उन्होंने कहा, "कांग्रेस पार्टी के कई कार्यकर्ता यहां एकत्र हुए हैं। हमें उम्मीद थी कि पार्टी किसी स्थानीय नेता को टिकट देगी, जो आगामी चुनावों में भाजपा को कड़ी टक्कर देगा लेकिन ऐसा नहीं हुआ।" इस पर अरविंदर सिंह लवली का कहना था कि देश की सबसे पुरानी पार्टी में सभी को अपनी आवाज उठाने का अधिकार है।

Tags:    

Similar News