मैनपुरी ने गुजरात मॉडल को किया फेल - अखिलेश

इटावा मैनपुरी ने गुजरात मॉडल को किया फेल - अखिलेश

IANS News
Update: 2022-12-23 15:30 GMT
मैनपुरी ने गुजरात मॉडल को किया फेल - अखिलेश

डिजिटल डेस्क, इटावा। समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने चौधरी चरण सिंह की जयंती पर कहा कि मैनपुरी माडल ने गुजरात माडल को फेल कर दिया। यह जीत समाजवादियों के लिए बहुत बड़ी जीत है। यह तब है जब नेता जी हमारे बीच नहीं हैं।

अखिलेश यादव ने शुक्रवार को इटावा जिले में चौधरी चरण सिंह की जयंती पर संबोधित कर रहे थे। इस दौरान कहा कि मैनपुरी के आगे गुजरात मॉडल भी फेल हो गया है। अब चाचा साथ आ गए हैं। अब हम लोग 2024 और 2027 भी जीतेंगे। वहीं, कार्यकतार्ओं की आभार सभा में सपा मुखिया ने कहा कि भाजपा के लोग न जाने क्या-क्या सपने देखते थे। कहते थे कि आजमगढ़ हरा दिया है, अब मैनपुरी को भी हरा देंगे। हमारे मुख्यमंत्री बगल में करहल गए थे। वो तो अच्छा हुआ जसवंतनगर नहीं आए। क्योंकि हमारे मुख्यमंत्री यह जानते नहीं कि जसवंतनगर और मैनपुरी के लोग स्प्रिंग की तरह हैं, जितना दबाओगे उतना उछलेंगे।

उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी किसानों का उत्पीड़न कर रही है। हमें चौधरी चरण सिंह व नेता जी मुलायम सिंह यादव के बताए रास्ते पर चलना है। तभी किसानों का भला हो सकता है। कहा कि मैनपुरी उपचुनाव में सभी विधानसभाओं में जीत मिली। भोगांव में उम्मीद नहीं थी, लेकिन भोगांव के लोगों ने कमाल करके दिखा दिया। किशनी में सोचता था, यहां बराबर होंगे, लेकिन किशनी भी आगे चली गई। मैनपुरी सदर सोच रहे थे नहीं जीतेंगे, लेकिन वहां पर भी जीते।

अखिलेश ने कहा कि मुझे पता था कि जसवंतनगर अपना ही रिकॉर्ड तोड़ सकता है। यह जीत कोई छोटी जीत नहीं है। जो लोग राजनीति को समझते हैं, वह जानते हैं कि मैनपुरी की जीत ने नई ऊर्जा समाजवादियों को दी है। 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव में भाजपा की विदाई कराएंगे। साथ ही 2027 भी जीतेंगे।

कहा कि चौधरी साहब ने जो रास्ता दिखाया है, उसी पर चलने से किसानों और गरीबों की भलाई है। चौधरी साहब ने एक बार कहा था किसान को अपनी एक नजर हल पर और दूसरी लोकसभा पर रखनी चाहिए।

हमें देखना चाहिए कि संसद किसानों के लिए फैसले ले रही है या नहीं। अखिलेश ने कहा कि महिलाओं ने इस बार इतिहास रचा है। अभी तक कोई महिला मैनपुरी से सांसद नहीं बनी थी। ये रिकॉर्ड मैनपुरी में दर्ज हुआ है। हम क्षेत्र के विकास के लिए सदैव प्रतिबद्ध रहेंगे।

अखिलेश ने कहा कि सरकार का उत्पीड़न बढ़ता जा रहा है। हम अपने एक विधायक से मिलने कानपुर गए तो उन्हें महराजगंज पहुंचा दिया। सरकार अगर जेल बदलेगी तो हम तो वहां भी अपने नेता और कार्यकतार्ओं से मिलने जाएंगे। यह अन्याय बहुत दिन चलने वाला नहीं है। वे जानते हैं कि जिस दिन समाजवादियों ने ऐलान कर दिया, उसी दिन उनका अन्याय खत्म हो जाएगा। हम लोग भी इंतजार कर रहे हैं जैसे ही हमारी पार्टी के नेता एवं कार्यकर्ता बैठेंगे और तारीख तय करेंगे, उसी दिन हम लोग जिस तरह से नेताजी जेल भरो आंदोलन करते थे, उसी तरह से हम लोग भी करेंगे।

सपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री शिवपाल सिंह यादव ने मैनपुरी लोकसभा के उपचुनाव में जीत दिलाने के लिए मतदाताओं और कार्यकतार्ओं का धन्यवाद किया। हम सपा नेताओं का उत्पीड़न रोकेंगे और संघर्ष करेंगे।

 

 (आईएएनएस)

डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ bhaskarhindi.com की टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.

Tags:    

Similar News