लोकसभा चुनाव 2024: सोनिया गांधी ही नहीं दिनेश प्रताप से 'सीट' के लिए भिड़ चुकी हैं प्रियंका गांधी भी, जानिए रायबरेली के बीजेपी उम्मीदवार से जुड़ा यादगार किस्सा

  • फ्लाइट में सीट को लेकर भिडे़ थे दिनेश प्रताप और प्रियंका गांधी
  • प्रियंका गांधी ने कसा था भाजपा के रायबरेली प्रत्याशी पर तंज
  • जवाब में दिनेश प्रताप ने कही थी ये बात

Surbhit Singh
Update: 2024-05-02 16:23 GMT

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश में जारी लोकसभा चुनाव के बीच भाजपा ने उत्तरप्रदेश की रायबरेली सीट पर अपना पत्ता खोल दिया है। राज्य की इस हाईप्रोफाइल पर भाजपा ने गुरुवार को योगी सरकार के मंत्री दिनेश प्रताप को चुनावी मैदान में उतारा है। कांग्रेस में रायबरेली और अमेठी सीट पर अब तक प्रत्याशियों के चेहरे नहीं तय कर पाई है। पार्टी सूत्रों की मानें तो अमेठी सीट पर राहुल गांधी और रायबरेली सीट पर प्रियंका गांधी के नाम पर सस्पेंस बना हुआ है। भाजपा के मौजूदा प्रत्याशी दिनेश प्रताप ने साल 2018 में कांग्रेस का दामन छोड़ दिया था। इसके बाद भाजपा के टिकट पर रायबरेली सीट से उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी सोनिया गांधी के खिलाफ कई चुनाव लड़े। लेकिन, उन्हें हमेशा ही हार का मुंह देखना पड़ा था। प्रताप ने कांग्रेस से अपनी नाराजगी और प्रियंका गांधी से जुड़ा एक वाकया सोशल मीडिया पर शेयर किया था। इस पोस्ट में उन्होंने एक फ्लाइट में प्रियंका गांधी और उनके बीच एक कुर्सी के विवाद के बारे में जिक्र किया था।

दिनेश प्रताप ने फेसबुक पर किया था पोस्ट 

इस पोस्ट को रायबरेली प्रत्याशी ने साल 2021 में फेसबुक पर अपने ऑफिशियल अकाउंट से पोस्ट किया था। इसमें उन्होंने दिल्ली से लखनऊ की फ्लाइट यात्रा का वर्णन किया था। इस फ्लाइट में प्रताप और प्रियंका गांधी टकरा गए थे। इस दौरान प्रियंका गांधी ने उनसे कहा था कि आप मेरी सीट नहीं ले पाओगे। यह सुनकर के बाद जवाब में प्रताप ने कहा था कि आपकी कुर्सी खतरे में हैं। दिनेश प्रताप ने अपने फेसबुक पोस्ट में लिखा, "दिल्ली के टर्मिनल दो से लखनऊ की यात्रा इंडिगो की जहाज से करने की लिए निकास पंक्ति की 19 c सीट पर बैठा था किंतु बगल की बीच वाली 19बी सीट पर एक बुजुर्ग जिसने अपने पेट पर बेल्ट बांध रखी थी। यह देखकर मुझे महसूस हुआ कि वह ज्यादा बीमार है। थोड़ी देर बाद में ऐसा लगा कि बोर्डिंग पूरी हो गई, अब कोई यात्री नहीं आएगा। उसी पंक्ति की 19 D E F तीनो सीटें खाली थीं। मैंने बीमार बुजुर्ग को राहत देने के उद्देश्य से 19 D पर बैठ गया और फोन पर आए अपने जन्म दिन की शुभकामनाओं वाले संदेश पढ़ने लगा।"

प्रियंका गांधी की टिप्पणी का दिया जवाब

उन्होंने पोस्ट में आगे लिखा, "थोड़ी देर में सीट के पास प्रियंका वाड्रा आकर खड़ी हो गईं और बोलीं कि ये सीट मेरी है। मैंने उनकी ओर देखा तो प्रणाम किया और बगल की अपनी सीट पर जाने लगा। इतने में प्रियंका जी ने बड़े गुस्से में मेरे अभिवादन का बिना जवाब दिए कहा- आप इतनी जल्दी हमारी सीट नहीं ले पाओगे। मैंने जवाब दिया, आपकी सीट खतरे में है, यही क्या कम है और अपनी सीट पर बैठ गया।" इसके बाद प्रताप ने आगे लिखा, ''सोनिया जी को रायबरेली की सीट कैसे मिली है यह आपके परिवार के कलेजे में छुपा है जिसे मैं खूब जानता हूं। आपकी मदद करने वाले हमारी पार्टी के वह नेता अब इस दुनिया में नहीं हैं, जिनकी चौखट पर गांधी परिवार रायबरेली की सीट बचाने की भीख मांगने गया था और उन्होंने आपकी मदद की थी। अब हमारी पार्टी में आपकी मदद करने वाले नहीं हैं। मुझे आंखें दिखाकर रायबरेली से सांसद अब नहीं हो पाओगी और न ही दिनेश सिंह अब आप से डरने वाला है।

Tags:    

Similar News