लोकसभा चुनाव 2024: सैम पित्रोदा के विवादित बयान को लेकर पीएम मोदी ने कांग्रेस को जमकर घेरा, बयान को बताया राष्ट्रपति मुर्मू का अपमान

  • पीएम मोदी की तेलंगाना के वारंगल में रैली
  • कांग्रेस पर जमकर साधा निशाना
  • सेम पित्रोदा का बयानऔर मुस्लिम आरक्षण का मुद्दा उठाया

Surbhit Singh
Update: 2024-05-08 12:11 GMT

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश में मंगलवार को लोकसभा चुनाव के सात चरणों में से तीसरे चरण का मतदान हुआ था। इसके बाद अब राजनीतिक दलों का पूरा फोकस बाकी बचे चार चरण के मतदान पर टिका हुआ है। इसके लिए पार्टियां जोरों-शोरों के साथ चुनाव प्रचार और जनसभाएं करने में जुटी हुई है। इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को तेलंगाना के वारंगल में जनसभा को संबोधित किया। जिसमें उन्होंने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। इस दौरान जनसभा में पीएम मोदी ने कर्नाटक में मुस्लिम वर्गों को मिल रहे आरक्षण का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि यह कांग्रेस की नीति है। पीएम मोदी ने कहा कि सत्ता में आने के बाद कांग्रेस अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्गां को आरक्षण देने के बजाए मुस्लिमों को आरक्षण देगी। पीएम मोदी ने कहा कि मैं यह बात अच्छी तरह से समझता हूं कि राष्ट्रपति चुनाव के दौरान कांग्रेस ने द्रोपदी मुर्मू के त्वचा के रंग को लेकर उन्हें हराने की कोशिश की थी। इसी के साथ उन्होंने सैम पित्रोदा के बयान पर भी निशाना साधा।

पीएम मोदी का कांग्रेस पर हमला 

पीएम मोदी ने कहा कि शहजादे के अंकल कहते है कि काले रंग के लोग अफ्रीकी हैं। यह बयान देकर उन्होंने देशवासियों के सम्मान को ठेस पहुंचाया है। इस बात पर मैं क्रोधित हूं। इसके अलावा पीएम मोदी ने कांग्रेस पर भ्रष्टाचार करने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जिस भी राज्य में कांग्रेस और उनके सहयोगी दल की सरकार है, उस राज्य को 'एटीएम' बना दिया है। पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस अपने नेतृत्व वाले इंडिया गठबंधन के तहत देश में 'पांच साल-पांच प्रधानमंत्री' का फॉर्मूला लागू करना चाहती है। उन्होंने कहा कि तीसरे चरण का मतदान पूरा होती है कांग्रेस के नेता दूरबीन लेकर सीट ढूंढने में जुटे हैं।

जनसभा में पीएम मोदी ने सैम पित्रोदा की विवादित टिप्पणी को लेकर कांग्रेस को जमकर घेरा। उन्होंने सैम पित्रोदा के बयान को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का अपमान  बताया। पीएम मोदी ने कहा, 'मैंने काफी सोचा कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू जो आदिवासी समाज की बेटी और देश की प्रतिष्ठा है। राष्ट्रपति चुनाव के दौरान, जब हम उन्हें राष्ट्रपति बना रहे थे। तब कांग्रेस उन्हें हराने की कोशिश में व्यस्त थी। उस वक्त मुझे समझ में नहीं आ रहा था। मुझे लग रहा था कि यह शहजादे के दिमाग की उपज है। मगर, मुझे आज जाकर यह मालूम हुआ कि ये लोग द्रौपदी जी के खिलाफ मैदान में क्यों उतरे थे। अमेरिका में रह रहे शहजादे के अंकल ने अपने बयान से यह राज खोल दिया है।'

सैम पित्रोदा के बयान पर साधा निशाना

प्रधानमंत्री ने कहा, 'आज उन्होंने इतनी बड़ी गाली दे दी है। अब जाकर मुझे यह समझ आया कि चमड़ी के रंग के आधार पर वह द्रौपदी जी को अफ्रीकी बता रहे हैं। इस वजह से वे उन्हें हराना चाहते हैं। आज मुझे पहली बार इनकी मानसिकता के बारे में पता चला कि यह कहां काम कर रही है? त्वचा का रंग कुछ भी हो, हम भगवान श्रीकृष्ण की पूजा करने वाले भक्त हैं।'

Tags:    

Similar News