लोकसभा चुनाव 2024: दिल्ली की 7 लोकसभा सीटों पर किसके बीच सियासी मुकाबला, जानिए किस दल से कौन लड़ रहा चुनाव?

दिल्ली की 7 लोकसभा सीटों पर किसके बीच सियासी मुकाबला, जानिए किस दल से कौन लड़ रहा चुनाव?
  • दिल्ली सात सीटों पर शनिवार को मतदान
  • तीन सीटों पर बीजेपी और कांग्रेस के बीच कांटे की टक्कर
  • कन्हैया कुमार उत्तर पूर्वी दिल्ली से लड़ रहे हैं चुनाव

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश में लोकसभा चुनाव के 5 चरण संपन्न हो चुके हैं। दिल्ली की सभी 7 सीटों पर छठे चरण (25 मई) में वोटिंग होने वाली है। दिल्ली के चुनावी रण में इस बार दिलचस्प मुकाबला देखने को मिल रहा है। दिल्ली में इस बार आप (आम आदमी पार्टी) और कांग्रेस दोनों दल इंडिया गठबंधन की ओर से एक साथ चुनाव लड़ रहे हैं। दोनों दलों के बीच सीट शेयरिंग पर पहले ही सहमति बन चुकी है। जिसमें दिल्ली की कुल 7 में से 4 (नई दिल्ली सीट, पूर्वी दिल्ली सीट, दक्षिण दिल्ली सीट, पश्चिमी दिल्ली सीट ) पर आम आदमी पार्टी, जबकि 3 (उत्तर पूर्वी दिल्ली सीट, चांदनी चौक सीट, उत्तर पश्चिमी दिल्ली सीट) सीटों पर कांग्रेस चुनाव लड़ रही है। पिछले आम चुनावों के मुकाबले इस बार बीजेपी को इंडिया गठबंधन से कड़ी चुनौती मिल रही है। बीजेपी के सामने इसी बार दिल्ली में क्लीन स्वीप रिपीट करने की भी चुनौती है। खास बात यह है कि इस बार के चुनाव में बीजेपी ने दिल्ली की 7 में से 6 सीटों पर अपने कैंडिडेट बदले हैं। केवल उत्तर पूर्वी दिल्ली सीट से भोजपुरी एक्टर मनोज तिवारी को बीजेपी ने दोबारा मौका दिया है। चुनाव जीतने के लिए सभी पार्टियां इलेक्शन कैंपेन में अपनी पूरी ताकत झोंक रही हैं। ऐसे में आइए जानते हैं कि दिल्ली की सभी 7 सीटों पर किस पार्टी का उम्मीदवार चुनाव मैदान में है।

उत्तर पूर्वी दिल्ली

दिल्ली की उत्तर पूर्वी सीट सीट से इस बार कांग्रेस की तरफ से कन्हैया कुमार को चुनाव मैदान में उतारा गया है। कन्हैया का मुकाबला दो बार के बीजेपी सांसद मनोज तिवारी से होगा। 2019 के चुनाव में इस सीट पर मनोज तिवारी ने कांग्रेस उम्मीदवार व दिल्ली की पूर्व सीएम शीला दीक्षित को मात दी थी।

चांदनी चौक

चांदनी चौक से कांग्रेस ने 79 साल के जयप्रकाश अग्रवाल को चुनाव मैदान में उतारा है। वहीं, बीजेपी ने इस बार प्रवीण खंडेलवाल को टिकट दिया है। बता दें कि, जयप्रकाश अग्रवाल पहले भी इस सीट से चुनाव जीत चुके हैं। उन्होंने आखिरी बार साल 1984 और 1989 में चंदनी चौक से चुनाव लड़ा था और तब उन्होंने जीत दर्ज की थी। इसके अलावा वे साल 2009 में उत्तर पूर्वी दिल्ली से भी सांसद रह चुके हैं। वहीं, बीजेपी प्रत्याशी प्रवीण खंडेलवाल राजनीति में नए हैं।

उत्तर पश्चिमी दिल्ली

इस सीट से इस बार बीजेपी ने नॉर्थ एमसीडी के पूर्व महापौर योगेंद्र चंदौलिया को चुनावी मैदान में उतारा है। उनका मुकाबला कांग्रेस प्रत्याशी उदित राज से है। जिन्होंने 2014 में बीजेपी के टिकट पर जीत हासिल की थी। बता दें कि, वर्तमान में प्रसिद्ध गायक और बीजेपी नेता हंस राज हंस यहां से सांसद हैं। हालांकि, बीजेपी ने उनका इस बार टिकट काट दिया है।

नई दिल्ली सीट

नई दिल्ली से बीजेपी ने इस बार बांसुरी स्वराज को मैदान में उतारा है। सीट शेयरिंग के चलते यहां से कांग्रेस नहीं लड़ रही है। इंडिया गठबंधन की ओर से आम आदमी पार्टी ने इस बार यहां से 3 बार के विधायक सोमनाथ भारती को चुनाव मैदान में उतारा है। बता दें कि, इस सीट से केंद्रीय मंत्री मीनाक्षी लेखी ने 2014 में बीजेपी के टिकट पर आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी आशीष खेतान और 2019 में कांग्रेस प्रत्याशी अजय माकन को मात दी थी।

पूर्वी दिल्ली

इस बार बीजेपी ने पूर्वी दिल्ली से नगर निगम के पूर्व महापौर हर्ष मल्होत्रा को अपना कैंडीडेट घोषित किया है। उनका सामना आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी कुलदीप कुमार से होगा। बता दें कि, 2019 में भारत के दिग्गज पूर्व क्रिकेटर गौतम गंभीर ने बीजेपी के टिकट पर यहां से जीत दर्ज की थी।

दक्षिण दिल्ली

दिल्ली दक्षिण से इस बार बीजेपी ने रामवीर सिंह बिधुड़ी को चुनाव मैदान में उतारा है। उनका मुकाबला आम आदमी पार्टी के सहीराम पहलवान से होगा। बता दें कि, पिछले लोकसभा चुनाव में बीजेपी के रमेश बिधुड़ी, कांग्रेस प्रत्याशी विजेंदर सिंह और आम आदमी पार्टी के नेता राघव चड्ढा के बीच मुकाबला हुआ था। जिसमें बीजेपी प्रत्याशी रमेश बिधुड़ी ने जीत दर्ज की थी।

पश्चिमी दिल्ली

इस सीट से बीजेपी ने इस बार दक्षिण दिल्ली के पूर्व महापौर कमलजीत सहरावत को चुनाव मैदान में उतारा है। उनका मुकाबला आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी महाबल मिश्रा से होगा। बता दें कि, महाबल मिश्रा ने साल 2009 में कांग्रेस के टिकट पर जीत हासिल की थी।

Created On :   24 May 2024 2:22 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story