लोकसभा चुनाव 2024: 'जनता के लिए नहीं, सत्ता के लिए काम करते हैं...' पीएम मोदी पर प्रियंका गांधी ने लगाया बड़ा आरोप

जनता के लिए नहीं, सत्ता के लिए काम करते हैं... पीएम मोदी पर प्रियंका गांधी ने लगाया बड़ा आरोप
  • पंजाब से प्रियंका गांधी ने पीएम मोदी पर साधा निशाना
  • 'किसानों का एक रुपया नहीं माफ करते..'- प्रियंका गांधी
  • महिला महंगाई से परेशान- प्रियंका गांधी

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव का आखिरी चरण 1 जून होने वाला है। इस बीच रविवार को कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने केंद्र सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि हम सभी अपने बच्चों के लिए एक बेहतर और सुरक्षित भविष्य चाहते हैं। इसलिए हम अपने नेता से उम्मीद करते हैं कि वह हमें सही रास्ता दिखाए, क्योंकि लोकतंत्र में जनता सर्वोपरि होती है। लेकिन PM मोदी जनता के लिए नहीं, सिर्फ सत्ता के लिए काम कर रहे हैं।

पंजाब के पटियाला पहुंची प्रियंका गांधी जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि नरेंद्र मोदी चुनाव के समय महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण की बात करते हैं, लेकिन महिलाओं पर अत्याचार देखकर मुंह फेर लेते हैं। यूपी का हाथरस और उन्नाव, मणिपुर, कर्नाटक। ऐसे न जाने कितने ही मामले हैं, जहां PM मोदी महिलाओं पर अत्याचार करने वालों के साथ खड़े दिखे हैं।

'किसानों का एक रुपया नहीं माफ करते..'

प्रियंका गांधी ने कहा कि आज देश में खेती से किसान कमा नहीं पा रहा है। खेती के हर सामान पर मोदी सरकार ने GST लगा दिया है। किसान 50 हजार रुपए के लिए आत्महत्या कर लेता है। नरेंद्र मोदी अरबपतियों का लाखों-करोड़ का कर्ज माफ कर देते हैं लेकिन किसानों का एक रुपया नहीं माफ करते हैं। 10 साल में नरेंद्र मोदी ने कभी किसानों से नहीं पूछा कि आपकी क्या समस्या है, आपको क्या कष्ट है?

इसके बाद चंडीगढ़ पहुंची कांग्रेस नेता ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि नरेंद्र मोदी ने एक इंटरव्यू में कहा- अगर मैं 'हिंदू-मुसलमान' करता तो इस पद के लायक नहीं होता। लेकिन अगले ही दिन रैली में पहुंचे और भाषण देते हुए हिंदू-मुसलमान करने लगे।

महिला महंगाई से परेशान- प्रियंका गांधी

उन्होंने आगे कहा कि देश का युवा बेरोजगार है। महिला महंगाई से परेशान हैं, लेकिन नरेंद्र मोदी हिंदू-मुसलमान करने में व्यस्त हैं। बिहार में कल ऐसा बयान दिया, जिसपर बात करने में भी शर्म आती है। देश में नरेंद्र मोदी से पहले कई सारे प्रधानमंत्री रहे, उन्होंने इस पद की कभी गरिमा नहीं गिराई। लेकिन आज सत्ता के लिए नरेंद्र मोदी कुछ भी करने को राजी हैं।

कांग्रेस नेता ने कहा कि संविधान बदलने की बात करने वालों को सबक सिखाइए। एक बात और याद रखिए- धर्म की राजनीति से सिर्फ नेताओं का फायदा होता है। इससे नेता की जवाबदेही ख़त्म हो जाती है। क्योंकि नेता को पता चल जाता है कि धर्म की बातें कर वोट तो मिल ही जाएगा। पिछले 10 साल में आपने ये गलत आदत डाल दी है, इसे सुधारिए। इसलिए हमें जिताइए और अपने जीवन में बदलाव लाइए।

Created On :   26 May 2024 3:18 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story