Tokyo Olympics 2020: भारतीय हॉकी टीम ने की वापसी, स्पेन को 3-0 से दी मात

Tokyo Olympics 2020: भारतीय हॉकी टीम ने की वापसी, स्पेन को 3-0 से दी मात

Bhaskar Hindi Desk
Update: 2021-07-27 04:41 GMT
Tokyo Olympics 2020: भारतीय हॉकी टीम ने की वापसी, स्पेन को 3-0 से दी मात
हाईलाइट
  • अगला मुकाबला अर्जेंटीना से
  • भारतीय टीम की 3 मैंचो में दूसरी जीत
  • रूपिंदर और सिमरनजीत सिंह ने दाग गोल

डिजिटल डेस्क, टोक्यो। भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने पिछली हार को भुलाते हुए शानदार वापसी की है। पूल-ए के अपने तीसरे मुकाबले में स्पेन को 3-0 से शिकस्त दी। भारत की इस जीत के हीरो रूपिंदर पाल सिंह रहे, उन्होंने सबसे ज्यादा दो गोल किये। रूपिंदर ने (15 वें और 51वें मिनट) के अलावा सिमरनजीत सिंह (14वें मिनट) ने भी शानदार मैदानी गोल दागा। भारत का अगला मुकाबला गुरुवार को रियो ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता अर्जेंटीना से होगा।

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 1-7 की करारी हार झेलने वाली भारतीय टीम इस मुकाबले में मैदान पर मजबूत इरादों के साथ उतरी थी। पहले क्वार्टर में भारत का पूरी तरह से दबदबा रहा। खेल के 14वें मिनट में सिमरनजीत सिंह शानदार फील्ड गोल कर टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। अगले ही मिनट भारत को पेनल्टी स्ट्रोक मिल गया, जिसपर रूपिंदर पाल सिंह ने गोल कर भारत की बढ़त को और मजबूत कर दिया। दूसरे क्वार्टर में स्पेनिश टीम ने आक्रामक हॉकी खेलते हुए तीन पेनल्टी कॉर्नर हासिल किए, लेकिन भारतीय डिफेंस को भेदने मे नाकाम रही।

इसके बाद तीसरे क्वार्टर में दोनों ही टीमें गोल नहीं कर सकी। हालांकि दिलप्रीत सिंह और सुमित के पास गोल करने का मौका था, लेकिन स्पेनिश गोलकीपर ने दो शानदार बचाव किए। चौथे एवं आखिरी क्वार्टर के छठे मिनट में भारत को पेनल्टी कॉर्नर मिला। जिस को रूपिंदर पाल सिंह ने गोल में तब्दील कर भारत को 3-0 की निर्णायक बढ़त दिला दी।

ग्रुप-ए में भारत को गत चैम्पियन अर्जेंटीना, ऑस्ट्रेलिया, जापान, न्यूजीलैंड और स्पेन के साथ रखा गया है। सभी टीमें एक-दूसरे से खेलेंगी और दोनों ग्रुप से  शीर्ष चार टीमें अगले चरण में प्रवेश करेंगी। ग्रुप-बी में बेल्जियम, कनाडा, जर्मनी, ब्रिटेन, नीदरलैंड और दक्षिण अफ्रीका हैं। भारत अब तीन मुकाबले में दो और एक हार के साथ अपने ग्रुप में दूसरे स्थान पर है।

 

Tags:    

Similar News