MP चुनाव: कांग्रेस को एक और झटका, सपा ने भी छोड़ा साथ, जारी की उम्मीदवारों की सूची

MP चुनाव: कांग्रेस को एक और झटका, सपा ने भी छोड़ा साथ, जारी की उम्मीदवारों की सूची

Bhaskar Hindi
Update: 2018-10-06 13:07 GMT
MP चुनाव: कांग्रेस को एक और झटका, सपा ने भी छोड़ा साथ, जारी की उम्मीदवारों की सूची
हाईलाइट
  • अखिलेश ने कहा कि गठबंधन को लेकर कांग्रेस का दिल बड़ा होना चाहिए।
  • अखिलेश यादव ने कहा है कि वह मध्यप्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के साथ नहीं लड़ेंगे।
  • अखिलेश शनिवार को सपा द्वारा आयोजित किए गए शिक्षक सम्मेलन में बोल रहे थे।

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष और यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने कहा है कि वह मध्यप्रदेश (MP) में होने वाले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के साथ नहीं लड़ेंगे। अखिलेश शनिवार को सपा द्वारा आयोजित शिक्षक सम्मेलन में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि काफी समय बीत गया है, लेकिन कांग्रेस अपना पक्ष स्पष्ट नहीं कर रही है। सपा ने अब काफी इंतजार कर लिया और इस निर्णय पर पहुंचे हैं कि सपा अब कांग्रेस के साथ MP चुनाव नहीं लड़ेगी। सपा अब बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के साथ मिलकर MP चुनाव लड़ने की इच्छुक है। 

6 सीटों पर सपा प्रत्याशियों का ऐलान
अखिलेश ने कहा, "सपा और कांग्रेस मध्यप्रदेश चुनाव साथ लड़ने की योजना बना रहे थे। हमने उन्हें अपना पक्ष बताया था कि हम MP के दो दर्जन क्षेत्रों में अपने प्रत्याशी उतारेंगे। हमने उनके उत्तर का काफी इंतजार कर लिया, अब नहीं करेंगे। सपा ने अपनी पहली सूची में 6 सीटों पर नामों की घोषणा की है। केके सिंह-सीधी, कंकर मुंजारे-परसवाड़ा, अनुभा मुंजारे-बालघाट, मीरा यादव-निवाड़ी, दशरथ यादव-पन्ना और ए आर्य बुधनी से विस चुनाव लड़ेंगे। इसके अलावा हम MP के गोंडवाना गणतंत्र पार्टी से गठबंधन की बात कर रहे हैं। साथ ही हम बसपा से भी पार्टी की बातचीत चल रही है। अगर कोई हल नहीं निकला तो सपा अकेले चुनाव लड़ेगी।" बता दें कि इससे पहले मायावती की पार्टी बसपा ने भी MP चुनाव को लेकर कांग्रेस से किनारा कर लिया था।

गठबंधन को लेकर कांग्रेस का दिल बड़ा होना चाहिए
सपा के अध्यक्ष ने महागठबंधन पर अपना विचार रखते हुए कहा कि चुनाव सर पर है लेकिन कांग्रेस की गठबंधन को लेकर कोई दिलचस्पी नहीं दिख रही है। अखिलेश ने कहा कि गठबंधन को लेकर कांग्रेस का दिल बड़ा होना चाहिए। उन्होंने कहा, "हम तो यह समझते हैं कि कांग्रेस एक बड़ी पार्टी है तो गठबंधन की जिम्मेदारी उनकी ही बनती है। कांग्रेस को सभी छोटे दलों को साथ लेकर चलना होगा। सभी दल MP और छत्तिसगढ़ में होने वाले चुनाव को लेकर अपने प्रत्याशी की घोषणा कर रहे हैं, लेकिन कांग्रेस कोई स्टैंड नहीं ले रही। हम किसी के डर से फैसला नहीं लेते। अगर ऐसा ही चलता रहा तो सपा अब MP में ही नहीं बल्कि किसी राज्य में कांग्रेस के साथ चुनाव नहीं लड़ेगी। हम बसपा और गोंडवाना पार्टी से गठबंधन को लेकर बात करेंगे।"

पीएम ने मेक इन इंडिया के नारे लगाकर बाजार चाइनीज सामानों से भर दिया
इस दौरान अखिलेश ने बीजेपी और यूपी के मुख्यमंत्री योगी पर भी जमकर हमला बोला। अखिलेश ने कहा कि योगी सरकार से लोगों का भरोसा उठ गया है। उन्होंने कहा, "यूपी में कोई भी ऐसा दिन नहीं बितता जब दर्जनों हत्याएं नहीं होती। महिलाओं के प्रति अपराध भी बढ़ रहे हैं। यूपी सरकार को सोचना चाहिए कि रोजाना कितने पुलिस के जवान आत्महत्या कर रहे हैं। ललितपुर में SDM की आत्महत्या के लिए सरकार की व्यवस्था जिम्मेदार है। इसके साथ ही अखिलेश ने पीएम मोदी को भी आड़े हाथों लेते हुए कहा कि पीएम ने मेक इन इंडिया के नारे लगाते-लगाते GST ला दिया। मेक इन इंडिया के बाद भारतीय बाजार चाइनीज सामानों से भर दिया।"