आचार्य श्री सहित 25 मुनियों का नगर आगमन, हुआ भव्य स्वागत, आज ध्वजारोहण के साथ शुरू होगा पांच दिवसीय पंचकल्याणक महोत्सव

मध्य प्रदेश आचार्य श्री सहित 25 मुनियों का नगर आगमन, हुआ भव्य स्वागत, आज ध्वजारोहण के साथ शुरू होगा पांच दिवसीय पंचकल्याणक महोत्सव

Anchal Shridhar
Update: 2023-01-14 11:40 GMT
आचार्य श्री सहित 25 मुनियों का नगर आगमन, हुआ भव्य स्वागत, आज ध्वजारोहण के साथ शुरू होगा पांच दिवसीय पंचकल्याणक महोत्सव

डिजिटल डेस्क, छिंदवाड़ा/चौरई। शनिवार की सुबह से चौरई नगर में पंचकल्याणक महोत्सव का ध्वजारोहण के साथ आगाज होगा। इस आयोजन में शामिल होने शुक्रवार को आचार्य विशुद्ध सागर जी महाराज सहित 25 मुनियों की अगवानी हुई। हाथी, घोड़े और बैंड बाजे के साथ आचार्य श्री और सभी मुनियों का चौरई क्षेत्र की सीमा में स्वागत किया गया। पांच दिवसीय आयोजन में लाखों श्रद्धालु शामिल होंगे।

नगर में पंचकल्याणक और गजरथ महोत्सव की तैयारियां पूरी हो गई हैं। इसके लिए पूरे नगर को सजाया गया है। आचार्य श्री के सानिध्य में श्रीमज्जिनेन्द्र जिन विम्ब पंचकल्याणक प्रतिष्ठा एवं गजरथ महामहोत्सव विश्व शांति महायज्ञ का मुख्य कार्यक्रम अमरवाडा रोड स्थित करीब 12 एकड़ के विशाल प्रांगण में होगा। यहां सकल जैन समाज चौरई द्वारा करीब 1 माह से दिन रात कार्य जारी है। विशाल प्रवचन स्थल के साथ हजारों लोगों की बैठक व्यवस्था के लिए सुसज्जित पंडाल बनाया गया है। साथ ही अलग भोजन व पार्किंग स्थल की भी व्यवस्था बनाई गई है।

नगर में लगभग 125 वर्ष बाद हो रहे इस पंचकल्याणक प्रतिष्ठा एवं गजरथ महोत्सव को सफल बनाने सभी लोग जुटे हुए हैं। पंचकल्याणक समिति के अध्यक्ष नीरज जैन ने बताया कि पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव के प्रथम दिवस 14 जनवरी को घटयात्रा, ध्वजारोहण व अन्य 2 मांगलिक कार्यक्रम,15 को गर्भ कल्याणक,16  को जन्म कल्याणक, 17 को तप कल्याणक, 18 को ज्ञान कल्याणक व 19 को मोक्ष कल्याणक के मांगलिक कार्यक्रम सम्पन्न होंगे साथ ही प्रतिदिन आचार्य श्री प्रवचन सुबह 9 बजे एवं दोपहर 3 बजे से होंगे।

Tags:    

Similar News