विशेष राज्य का दर्जा हमारा अधिकार, केन्द्र ने हमें धोखा दिया : चंद्रबाबू नायडू

विशेष राज्य का दर्जा हमारा अधिकार, केन्द्र ने हमें धोखा दिया : चंद्रबाबू नायडू

Bhaskar Hindi
Update: 2018-06-02 09:15 GMT
विशेष राज्य का दर्जा हमारा अधिकार, केन्द्र ने हमें धोखा दिया : चंद्रबाबू नायडू

डिजिटल डेस्क, अमरावती। आंध्रप्रदेश के सीएम चंद्रबाबू नायडू ने एक बार फिर केन्द्र की मोदी सरकार पर आंध्रप्रदेश को धोखा देने का आरोप लगाया है। शनिवार को मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा "आंध्रप्रदेश को विशेष राज्य का दर्जा माँगना हमारा अधिकार है। पीएम मोदी ने अपने चुनावी दौरे के दौरान आंध्रप्रदेश को विशेष राज्य का दर्जा देने का वादा किया था, लेकिन चुनाव के बाद वे बदल गए। मैं उनसे अपना वादा तुरंत पूरा करने की मांग करता हूं।
 


तेलुगू देशम पार्टी के सुप्रीमो चंद्रबाबू नायडू ने इस दौरान केन्द्र सरकार की आर्थिक नीतियों पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि नोटबंदी और GST के चलते आम जनता पर बुरा असर पड़ा है। फ्यूल प्राइस के बढ़ते दामों पर उन्होंने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि वर्तमान में पेट्रोल-डीजल के दाम रॉकेट की तरह बढ़ रहे हैं, जिस पर ध्यान देने की जरूरत है।

चंद्रबाबू नायडू यहीं नहीं रूके। उन्होंने किसानों की समस्या, देश में अल्पसंख्यकों की स्थिति और केन्द्र की आयात-निर्यात नीति पर भी मोदी सरकार को जमकर कोसा। उन्होंने कहा, "केन्द्र को किसानों की याद बस चुनाव के समय आती है। केन्द्र की आयात-निर्यात नीति भी बेकार है। आज 10 राज्यों में किसान गुस्सा हैं। ST,SC, OBC और अल्पसंख्यक बीजेपी राज में भय के माहौल में जीवन बसर कर रहे हैं।"

नायडू ने इसके साथ ही कहा कि वे आंध्रा को साल 2050 तक दुनिया के बेहतरीन राज्यों में देखना चाहते हैं। इसके लिए उन्होंने प्रदेश को 2022 तक देश के टॉप तीन राज्यों में और 2029 तक देश को सबसे बेहतर राज्य बनाने का लक्ष्य रखा है। उन्होंने कहा, "चलो अपने राज्य को भ्रष्टाचार मुक्त राज्य बनाएं। एक ऐसा राज्य बनाएं जहां आर्थिक असमानताएं न हो, हर किसी के पास रोजगार हो और जहां सभी स्वस्थ और सुखी हो। हम अपने इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए खूब मेहनत करेंगे।"