मंदसौर गोलीकांड की बरसी से पहले गर्माई सियासत, राहुल से पहले शिवराज जाएंगे मंदसौर

मंदसौर गोलीकांड की बरसी से पहले गर्माई सियासत, राहुल से पहले शिवराज जाएंगे मंदसौर

Bhaskar Hindi
Update: 2018-05-25 08:04 GMT
मंदसौर गोलीकांड की बरसी से पहले गर्माई सियासत, राहुल से पहले शिवराज जाएंगे मंदसौर

डिजिटल डेस्क, भोपाल। 6 जून को मंदसौर गोलीकांड की बरसी पर राहुल गांधी के मंदसौर आने से पहले प्रदेश में सियासी पारा चढ़ गया है। कांग्रेस एक तरफ जहां मंदसौर में गोलीकांड की बरसी पर राहुल गांधी की आमसभा से चुनावी शंखनाद की तैयारी में है तो वहीं अब बीजेपी भी पूरी तरह से सक्रिय हो गई है। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राहुल गांधी से पहले मंदसौर का दौरा करने की बात कही है। 

 

राहुल के दौरे से पहले गर्माई राजनीति 

 

6 जून को मंदसौर गोलीकांड की पहली बरसी पर राहुल गांधी के मंदसौर दौरे को देखते हुए मध्य प्रदेश बीजेपी सतर्क हो गई है और खुद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान अब राहुल गांधी से पहले मंदसौर के दौरे पर जाने वाले हैं। इसके साथ ही बीजेपी ने अपने विधायकों और किसान मोर्चा के पदाधिकारियों को भी सतर्क कर दिया है और किसानों के बीच जाने के निर्देश जारी किए हैं। वहीं दूसरी ओर कांग्रेस राहुल के दौरे की तैयारियों को लेकर जुटी हुई है। पिपलिया मंडी में होने वाली राहुल की आमसभा के लिए दो लाख किसानों को जुटाने का लक्ष्य रखा है। 

 

किसानों की नाराजगी पर कांग्रेस की नजर 

 

कांग्रेस बीते कई दिनों से सरकार के खिलाफ प्रदेश के किसानों में बढ़ रहे गुस्से को भांप रही है और अब उसने राहुल गांधी की आमसभा के जरिए किसानों को लुभाने की कोशिश की है। पार्टी पदाधिकारी गांव-गांव घूम रहे हैं। विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस अध्यक्ष का मध्य प्रदेश में पहला कार्यक्रम है। इसे सफल बनाने के लिए संगठन ने पूरी ताकत झोंक दी है। किसान कांग्रेस की कलश यात्रा और संविधान बचाओ जागरण का समापन भी इसी दिन होगा। माना जा रहा है कि राहुल गांधी यहीं से प्रदेश में पार्टी के चुनाव अभियान की शुरुआत करेंगे। सरकार भी कांग्रेस की इस रणनीति को समझ रही है। दरअसल, विधानसभा चुनाव के फोकस में किसान ही रहेंगे।

 

विपक्ष की रणनीति फेल करेगी सरकार 

 

कांग्रेस जहां किसानों की नाराजगी को भुनाने की कोशिश में जुटी हुई है तो वहीं प्रदेश सरकार ने भी विपक्ष की रणनीति को फेल करने की तैयारी शुरु कर दी है। खुद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इसकी कमान अपने हाथों में ली है और वो राहुल गांधी के दौरे से पहले मंदसौर जाने वाले हैं। उम्मीद है कि इस दौरान सीएम मंदसौर से प्रदेश के किसानों के लिए कोई खास ऐलान कर सकते हैं। साथ ही बीजेपी की कोशिश ये भी है कि किसी तरह किसानों को ये समझाया जाए कि कांग्रेस सिर्फ किसानों के नाम पर सियासत कर रही है। गुरुवार को मुख्यमंत्री शिवराज ने अधिकारियों की भी बैठक ली और अधिकारियों को निर्देश दिए कि मंडियों में किसानों को किसी प्रकार की दिक्कत न हो ऐसे इंतजाम किए जाएं।