आईआईटी की छात्रा के साथ छेड़छाड़, पुलिस कांस्टेबल गिरफ्तार

मुंबई आईआईटी की छात्रा के साथ छेड़छाड़, पुलिस कांस्टेबल गिरफ्तार

Anita Peddulwar
Update: 2022-12-31 14:40 GMT
आईआईटी की छात्रा के साथ छेड़छाड़, पुलिस कांस्टेबल गिरफ्तार

डिजिटल डेस्क, मुंबई। आईआईटी मुंबईकी 19 वर्षीय छात्रा से छेड़छाड़ के आरोप में नई मुंबई के कांस्टेबल को गिरफ्तार किया गया है। हैरान करने वाली बात यह है कि नई मुंबई के पामबीच रोड पर हुई वारदात के बाद छात्रा ने नजदीकी पुलिस स्टेशन में मामले की शिकायत करने पहुंची लेकिन वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने उसे यह कह कर डराने की कोशिश की शिकायत दर्ज कराने के बाद उसकी ही बदनामी होगी और उसे बार बार अदालत के चक्कर लगाने पड़ेगे।  नई मुंबई पुलिस ने जब मामले की शिकायत नहीं ली तो छात्रा ने आईआईटी के डीन से संपर्क किया और मामले की जानकारी दी।

 डीन ने मुंबई पुलिस के स्थानीय पुलिस उपायुक्त से संपर्क कर मामले की जानकारी दी। इसके बाद छात्रा की शिकायत पर मुंबई के पवई पुलिस स्टेशन में आरोपी पुलिस कांस्टेबल के खिलाफ जीरो एफआईआर दर्ज कर उसे आगे की जांच के लिए नई मुंबई पुलिस के पास भेजा गया। जिसके बाद नई मुंबई पुलिस हरकत में आई और आरोपी कांस्टेबल को गिरफ्तार कर लिया। छात्रा ने अपनी शिकायत में बताया है कि वह अपने एक सहपाठी के साथ गुरूवार देर रात नई मुंबई के पामबीच पर गई थी। दोनों को काफी देर हो गई थी इसलिए उन्होंने फैसला किया कि वे सुबह 4 बजे की पहली लोकल ट्रेन से वापस लौटेंगे। इस दौरान दोनों वहां घूम रहे थे। इसी दौरान मोटर साइकर पर सवार वर्दी पहने एक कांस्टेबल आया और दोनों से इतनी रात को वहां घूमने को लेकर सवाल पूछे। इस दौरान पुलिसकर्मी ने कई आपत्तिजनक बातें कहीं और उसके साथ असभ्य व्यवहार किया। छात्रा का आरोप है कि पुलिसकर्मी ने उसे जबरन अपनी मोटर साइकिल पर बिठाने की कोशिश की। इस समय वहां से गुजर रही गाड़ी में मौजूद लोगों ने उसकी मदद की। कांस्टेबल के खिलाफ आईपीसी की धारा 354 के तहत छेड़छाड़ के आरोप में एफआईआर दर्ज की गई है। 

 


 

Tags: