अहमदनगर आत्मदाह मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति गठित

अहमदनगर आत्मदाह मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति गठित

Bhaskar Hindi
Update: 2018-12-22 18:18 GMT
अहमदनगर आत्मदाह मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति गठित

डिजिटल डेस्क, मुंबई। अतिक्रमण हटाने की मांग को लेकर अहमदनगर के जिलाधिकारी कार्यालय के सामने खुद को आग लगाने वाले 30 वर्षीय शख्स ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस के अनुसार तौसिफ हनीफ शेख घटना में तकरीबन 80 फीसदी जल गया था। उसकी शुक्रवार सुबह पुणे शहर के ससून जनरल अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। अब इस मामले की जांच के लिए राज्य सरकार ने तीन सदस्यों वाली समिति गठित की है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार शेख यहां करीब 50 किलोमीटर दूर कर्जत में पीर दावल मलिक मंदिर न्यास से संबंधित जमीन पर अतिक्रमण को हटाने की मांग कर रहा था। उसने एक हफ्ता पहले खुद को आग लगाने की धमकी दी थी और कार्रवाई करने के लिए प्रशासन को गुरुवार तक की समय सीमा दी थी।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि गुरुवार को दोपहर करीब तीन बजे उसने खुद पर केरोसिन डालकर आग लगा ली। इस घटना में वह बुरी तरह से झुलस गया। अहमदनगर के अतिरिक्त जिलाधिकारी भानुदास पुलावे ने शनिवार को कहा कि घटना की जांच करने के लिए उनकी अगुवाई में एक समिति नियुक्त की गई है। उन्होंने कहा, समिति में तीन सदस्य होंगे जो सात दिन में अपनी रिपोर्ट देंगे।