मोबाइल पर बात कर रहे शिक्षक पर फायरिंग, पेट में लगी गोली

 मोबाइल पर बात कर रहे शिक्षक पर फायरिंग, पेट में लगी गोली

Bhaskar Hindi
Update: 2019-04-12 08:25 GMT
 मोबाइल पर बात कर रहे शिक्षक पर फायरिंग, पेट में लगी गोली

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। पनागर की सुरकावाही नहर के पास एक शिक्षक को चार बाइक सवार बदमाशों ने उस समय गोली मार दी, जब वह मोबाइल पर बात कर रहा था।  38 साल के शिक्षक राय सिंह भदौरिया के पेट में गोली लगने के बाद आर-पार हो गई। रायसिंह को गंभीर हालत में मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जिन चार बाइक सवारों ने राय सिंह को गोली मारी है, उनकी तलाश की जा रही है। इस मामले में जानकारी मिली है कि बीती रात करीब साढ़े 8 बजे के लगभग राय सिंह सुरकावाही नहर के पास मोबाइल पर बात कर रहा था। उसी समय पल्सर एवं हीरो पैशन बाइक्स पर चार बदमाश आए और उसे धमकाते हुए गमछे के जरिए अपहरण कर ले जाने की कोशिश करने लगे। करीब दस फीट तक घसीटने के बाद उन्होंने धमकाते हुए कहा कि वे उसे जिंदा नहीं छोड़ेंगे।       

इनमें से एक बाइक सवार ने कट्टा निकाला  और गोली चला दी। राय सिंह  को गोली लगते ही वह जमीन पर गिर पड़ा। उसके चिल्लाने पर आस-पास के लोग दौड़े, लेकिन तब तक चारों बाइक सवार भाग निकले। अँधेरा होने के कारण लोग आरोपियों की बाइक्स  के नम्बर्स नहीं देख पाये। लोगों ने खून से लथपथ शिक्षक को उठाया और उसे पहले  पनागर और फिर मेडिकल अस्पताल पहुँचाया। पुलिस ने मामले की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों एवं घायल राय सिंह के बयान लिए और फिर हुलिये के आधार पर खोजबीन प्रारंभ कर दी गई। राय सिंह ग्राम पडऱी के शासकीय स्कूल में पदस्थ है। वह सुरकावाही ग्राम में किराए के मकान में रहता है। उसके परिजनों को मामले की जानकारी दे दी गई है।

इनका कहना है

हमलावरों के हुलिये के बारे में जानकारी मिलने के बाद संदेहियों से पूछताछ शुरू कर दी गई है। इस मामले में शिक्षक पर गोली चलाने का कारण पुरानी रंजिश हो सकती  है। जल्द ही मामले से पर्दा उठ जाएगा। -डॉ. रविन्द्र वर्मा, टीआई, पनागर
 

Tags:    

Similar News